दिल्ली में किताब के विमोचन कार्यक्रम में राहुल ने माता-पिता की पहली मुलाकात से जुड़ी कहानी सुनाई और अपनी दोस्त को लेकर भी सफाई दी।
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के लॉन्च कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपने माता-पिता की प्रेम कहानी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। सोमवार को दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम में कई विपक्षी नेता शामिल हुए। राहुल गांधी ने बताया कि उन्होंने कैम्ब्रिज में पढ़ाई के दौरान अपनी गर्लफ्रेंड के साथ उस रेस्टोरेंट का दौरा किया था, जहां उनके माता-पिता की मुलाकात होने की कहानी मशहूर थी।
क्या बोले राहुल गांधी?
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बताया कि उनके माता-पिता के बारे में कई कहानियां प्रचलित थीं। इनमें एक कहानी यह भी थी कि दोनों की मुलाकात ‘वर्सिटी रेस्टोरेंट’ में हुई थी।
राहुल ने कहा कि कई साल बाद जब वह कैम्ब्रिज में थे, तब उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड से उस रेस्टोरेंट में चलने के लिए कहा। वह देखना चाहते थे कि उनके माता-पिता कहां मिले थे।
उन्होंने बताया कि रेस्टोरेंट में बैठने के बाद जब वेटर मेन्यू लेकर आया, तो उन्होंने उसे बताया कि उनके माता-पिता इसी जगह मिले थे। इस पर वेटर ने कहा कि वह उन दोनों को जानता है। राहुल ने जब उनसे पूछा कि वह उनके बारे में क्या जानते हैं, तो वेटर ने कहा कि उसे अच्छी तरह पता है कि वह किनकी बात कर रहे हैं।
‘वह मेरी एक दोस्त है’
राहुल गांधी ने इस किस्से में रेस्टोरेंट की एक खास डिश चिकन चॉसर का भी जिक्र किया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर किसी को प्यार में पड़ना है तो उसे वर्सिटी रेस्टोरेंट जाना चाहिए, लेकिन वहां चिकन चॉसर खाने से बचना चाहिए।
कार्यक्रम में गर्लफ्रेंड का जिक्र करने को लेकर सवाल पूछे जाने पर राहुल गांधी ने कहा, “वह मेरी एक दोस्त है।”
किताब लॉन्च में कैप्टन अमरिंदर सिंह भी पहुंचे
सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम में इंडिया गठबंधन के कई नेता शामिल हुए। सोनिया गांधी ने किताब लिखने की वजह बताते हुए कहा था कि उनके परिवार के बारे में बहुत कुछ बेबुनियाद कहा गया है और सच सामने रखने के लिए उन्होंने संस्मरण लिखने का फैसला किया।
कार्यक्रम में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह भी पहुंचे। उन्हें पहली पंक्ति में जगह दी गई। उन्होंने सोनिया गांधी की किताब की तारीफ की, हालांकि कांग्रेस में वापसी से इनकार किया। अमरिंदर सिंह ने कार्यक्रम में अपनी मौजूदगी को पारिवारिक और निजी रिश्तों से जुड़ा बताया।

