सोहम शाह की इस फिल्म में आलिया भट्ट और नवाजुद्दीन सिद्दीकी के शामिल होने की भी चर्चा है, फिल्म 3 दिसंबर 2027 को रिलीज होगी।
साल 2018 में रिलीज हुई फिल्म ‘तुम्बाड’ ने अपने रहस्यमयी माहौल, खौफ और रोमांच से दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई थी। अब इसके सीक्वल ‘तुम्बाड 2’ को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। फिल्म के संगीत के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखने वाले संगीतकार जेस्पर किड की वापसी हो रही है। सोहम शाह फिल्म्स और पेन स्टूडियोज के बैनर तले बन रही इस फिल्म से दर्शकों को एक बार फिर पहले जैसा रहस्यमयी अनुभव मिलने की उम्मीद है।
जेस्पर किड फिर संभालेंगे संगीत की कमान
डेनमार्क के अवॉर्ड विजेता संगीतकार जेस्पर किड अपने करीब तीन दशक लंबे करियर में कई चर्चित वीडियो गेम फ्रेंचाइजी के लिए संगीत तैयार कर चुके हैं। इनमें ‘असैसिन्स क्रीड’, ‘हिटमैन’ और ‘बॉर्डरलैंड्स’ जैसे नाम शामिल हैं।
पहली ‘तुम्बाड’ में उनके संगीत ने फिल्म के रहस्यमयी और डरावने माहौल को प्रभावशाली बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। उनके काम के लिए उन्हें 2019 में क्रिटिक्स चॉइस फिल्म अवॉर्ड समेत कई सम्मान मिले थे।
सोहम शाह और आदेश प्रसाद की जोड़ी फिर साथ
फिल्म में अभिनेता और निर्माता सोहम शाह एक बार फिर अहम भूमिका में नजर आएंगे। निर्देशन की जिम्मेदारी आदेश प्रसाद संभालेंगे। पहली फिल्म में साथ काम कर चुकी यह टीम अब सीक्वल के जरिए दर्शकों के सामने नई कहानी और नए प्रयोग पेश करने की तैयारी में है।
आलिया भट्ट और नवाजुद्दीन सिद्दीकी के नाम की चर्चा
‘तुम्बाड 2’ की स्टारकास्ट को लेकर भी उत्सुकता बढ़ गई है। खबरों के मुताबिक, आलिया भट्ट और नवाजुद्दीन सिद्दीकी फिल्म में अहम किरदार निभा सकते हैं। हालांकि, इन कलाकारों की भूमिका को लेकर आधिकारिक पुष्टि की जानकारी सामने नहीं दी गई है।
पेन स्टूडियोज के साथ रिलीज होगी फिल्म
इस फिल्म के लिए सोहम शाह ने पेन स्टूडियोज के मालिक डॉ. जयंतीलाल गड़ा के साथ साझेदारी की है। पेन स्टूडियोज इससे पहले ‘आरआरआर’ और ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ जैसी फिल्मों से जुड़ा रहा है।
मेकर्स ने ‘तुम्बाड 2’ की रिलीज तारीख 3 दिसंबर 2027 घोषित की है। फिल्म दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

