NEET UG काउंसलिंग का छठा राउंड शुरू, BDS और नर्सिंग की 71 खाली सीटों पर मौका

Thecity news
5 Min Read

एमसीसी ने 53 बीडीएस और 18 बीएससी नर्सिंग सीटों के लिए रजिस्ट्रेशन खोला, उम्मीदवार 19 नवंबर 2026 तक चॉइस भर सकेंगे।

देशभर में खाली पड़ी बीडीएस और बीएससी नर्सिंग की 71 सीटों को भरने के लिए मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (एमसीसी) ने नीट यूजी काउंसलिंग का छठा राउंड शुरू कर दिया है। इसमें बीडीएस की 53 और बीएससी नर्सिंग की 18 सीटें शामिल हैं। दाखिला लेने के इच्छुक उम्मीदवार एमसीसी की आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in पर जाकर 19 नवंबर 2026 को दोपहर 3 बजे तक रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।

उम्मीदवारों को 19 नवंबर तक चॉइस भरने का मौका मिलेगा। चॉइस लॉक करने की सुविधा 18 नवंबर को शाम 4 बजे से 19 नवंबर सुबह 9 बजे तक उपलब्ध रहेगी।

कब आएगा सीट अलॉटमेंट रिजल्ट?

छठे राउंड के लिए सीट अलॉटमेंट की प्रक्रिया 19 नवंबर 2026 को पूरी की जाएगी। इसका रिजल्ट 20 नवंबर को जारी होगा। जिन उम्मीदवारों को सीट आवंटित की जाएगी, उन्हें 21 से 28 नवंबर 2026 के बीच संबंधित कॉलेज में रिपोर्ट करना होगा।

बीडीएस और बीएससी नर्सिंग की कितनी सीटें खाली?

कुल 71 खाली सीटों में 66 सरकारी और 5 सेल्फ फाइनेंस्ड सीटें हैं।

  • बीडीएस: कुल 53 सीटें, इनमें 48 सरकारी और 5 सेल्फ फाइनेंस्ड हैं।
  • बीएससी नर्सिंग: कुल 18 सीटें, सभी सरकारी संस्थानों में हैं।

बीडीएस की सरकारी सीटों का विवरण

बीडीएस की 48 सरकारी सीटों में 47 ऑल इंडिया कोटे की हैं। ये असम, छत्तीसगढ़, गोवा, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, पुडुचेरी, राजस्थान, तमिलनाडु, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल के सरकारी डेंटल कॉलेजों में उपलब्ध हैं।

इसके अलावा ईएसआईसी डेंटल कॉलेज, कलबुर्गी में ईएसआई कोटे की एक सीट खाली है।

बीएससी नर्सिंग की 18 सरकारी सीटें कहां हैं?

बीएससी नर्सिंग की सभी 18 सीटें सरकारी संस्थानों और केंद्रीय अस्पतालों में उपलब्ध हैं। इनमें दिल्ली में 9, कर्नाटक में 5 और उत्तर प्रदेश में 4 सीटें शामिल हैं।

  • दिल्ली (9 सीटें): अहिल्या बाई कॉलेज ऑफ नर्सिंग (एमएएमसी), डॉ. आरएमएल हॉस्पिटल, फ्लोरेंस नाइटिंगेल कॉलेज ऑफ नर्सिंग और राजकुमारी अमृत कौर कॉलेज ऑफ नर्सिंग।
  • कर्नाटक (5 सीटें): ईएसआईसी कॉलेज ऑफ नर्सिंग, कलबुर्गी और ईएसआईसी कॉलेज ऑफ नर्सिंग, इंदिरानगर, बेंगलुरु।
  • उत्तर प्रदेश (4 सीटें): कॉलेज ऑफ नर्सिंग, बीएचयू, वाराणसी।

इन कॉलेजों में हैं 5 सेल्फ फाइनेंस्ड बीडीएस सीटें

पांच सेल्फ फाइनेंस्ड सीटें चार डेंटल कॉलेजों में उपलब्ध हैं।

  • येनेपोया डेंटल कॉलेज, मंगलुरु (कर्नाटक): 1 सीट
  • दत्ता मेघे डेंटल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर, नागपुर (महाराष्ट्र): 1 सीट
  • शरद पवार डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, वर्धा (महाराष्ट्र): 2 सीटें
  • श्री रामचंद्र डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, चेन्नई (तमिलनाडु): 1 सीट

एमबीबीएस की 411 खाली सीटों पर क्या होगा?

नीट यूजी काउंसलिंग के पांच राउंड पूरे होने के बाद भी देश में एमबीबीएस की 400 से ज्यादा सीटें खाली रह गई हैं। स्पेशल स्ट्रे राउंड यानी पांचवें राउंड के बाद 411 सीटें खाली बताई गई हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि इन सीटों पर दाखिले का अगला मौका मिलेगा या नहीं।

देश में करीब 21 लाख छात्र नीट यूजी परीक्षा देते हैं, जबकि एमबीबीएस की कुल सीटें लगभग 1.40 लाख हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, यदि अदालत एमसीसी को दोबारा काउंसलिंग कराने की अनुमति या निर्देश देती है, तो खाली एमबीबीएस सीटों को भरने के लिए एक और राउंड आयोजित किया जा सकता है।

पांचवें राउंड में बीडीएस की कटऑफ

पांचवें राउंड में अलग-अलग श्रेणियों की बीडीएस कटऑफ इस प्रकार रही थी:

  • ओबीसी: 28,718 रैंक (मौलाना आजाद इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज, नई दिल्ली)
  • ओपन/जनरल: 28,730 रैंक (फैकल्टी ऑफ डेंटिस्ट्री, जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली)
  • ईडब्ल्यूएस: 31,538 रैंक (आरयूएचएस कॉलेज ऑफ डेंटल साइंस, जयपुर)
  • एससी: 1,28,708 रैंक (आरयूएचएस कॉलेज ऑफ डेंटल साइंस, जयपुर)
  • एसटी: 1,61,568 रैंक (मौलाना आजाद इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज, नई दिल्ली)
Share This Article