PM मोदी के जाते ही नीतीश सेतु पर शुरू हुआ बवाल, RJD समर्थकों ने फाड़े पोस्टर; वीडियो वायरल

Thecity news
3 Min Read

गंगा पर बने पुल के नामकरण को लेकर पहले से जारी राजनीतिक विवाद अब पोस्टर फाड़ने की घटना के बाद और तेज हो गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नीतीश सेतु के लोकार्पण के बाद बिहार में इस पुल को लेकर सियासत तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक पुल पर लगाए गए प्रधानमंत्री मोदी के पोस्टर फाड़ते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि ये युवक राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के समर्थक हैं। वीडियो में तेजस्वी यादव जिंदाबाद के नारे भी सुनाई दे रहे हैं।

क्या है पोस्टर फाड़ने का पूरा मामला?

प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को गंगा नदी पर बने नीतीश सेतु का लोकार्पण किया था। इसके बाद पुल पर लगाए गए लोकार्पण कार्यक्रम से जुड़े पोस्टर हटाए जाने लगे। वायरल वीडियो में कुछ युवक पोस्टर फाड़ते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि पुल राघोपुर विधानसभा क्षेत्र को भी जोड़ता है, जहां से तेजस्वी यादव विधायक हैं।

वीडियो में नजर आ रहे युवकों ने पोस्टर फाड़ने के दौरान इसका वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर साझा किया। इस घटना के बाद पुल को लेकर राजनीतिक विवाद और गहरा गया है।

पुल के नामकरण पर पहले से चल रही है सियासत

कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम नीतीश सेतु रखे जाने के बाद से ही इस पर राजनीतिक बयानबाजी जारी है। तेजस्वी यादव पुल का नामकरण अक्षयवट राय के नाम पर करने की मांग करते रहे हैं। उन्होंने यह सवाल भी उठाया था कि पुल के निर्माण में केंद्र सरकार ने कोई पैसा नहीं दिया है, तो नामकरण को लेकर फैसला कैसे हुआ।

तेजस्वी यादव ने यह भी सवाल उठाया था कि जब सरकार की ओर से पुल का नाम गुरु गोविंद सिंह के नाम पर रखने की जानकारी दी गई थी, तो बाद में फैसला क्यों बदल दिया गया। आरजेडी इस पुल के निर्माण का श्रेय भी अपनी सरकार को देती रही है।

ललन सिंह और प्रशांत किशोर ने भी उठाए थे सवाल

रविवार को केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने एक सभा को संबोधित करते हुए पुल के निर्माण का श्रेय लेने के आरजेडी के दावे को गलत बताया था। वहीं, प्रशांत किशोर ने भी कहा था कि पुल के निर्माण में न तो आरजेडी और न ही बीजेपी का योगदान है। उनके मुताबिक, यह पुल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयासों का नतीजा है।

फिलहाल नीतीश सेतु के नामकरण और निर्माण के श्रेय को लेकर बिहार में राजनीतिक टकराव बढ़ता दिख रहा है। अब इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रतिक्रिया का इंतजार है।

Share This Article