GTA VI की चर्चा के बीच PM मोदी का अनोखा पोस्ट, बताया 13 साल में कैसे बदला भारत का गेम

Thecity news
4 Min Read

प्रधानमंत्री ने GTA V से GTA VI तक के सफर को भारत की विकास यात्रा से जोड़ते हुए 10 स्लाइड में उपलब्धियों का स्कोरकार्ड साझा किया।

गेमिंग की दुनिया में इन दिनों बहुप्रतीक्षित वीडियो गेम ‘ग्रैंड थेफ्ट ऑटो VI’ यानी GTA VI को लेकर जबरदस्त उत्साह है। करीब 13 साल के लंबे इंतजार के बाद रॉकस्टार गेम्स ने इस गेम को लॉन्च कर दिया है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी GTA VI से जुड़ा एक पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा कर सबको चौंका दिया।

पीएम मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर GTA V से GTA VI तक के सफर को भारत की विकास यात्रा से जोड़ते हुए एक पोस्ट किया। उन्होंने बताया कि पिछले 13 सालों में उनकी सरकार के नेतृत्व में देश ने अलग-अलग क्षेत्रों में किस तरह प्रगति की है। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा, “भारत एक नया ही गेम खेल रहा है।”

पीएम मोदी ने साझा किया 10 स्लाइड का स्कोरकार्ड

प्रधानमंत्री ने अपने पोस्ट के साथ 10 तस्वीरें साझा कीं। इन स्लाइड्स के जरिए उन्होंने गरीबी, नक्सलवाद और देश की अर्थव्यवस्था से जुड़े बदलावों को सामने रखा।

एक स्लाइड में भारत की आर्थिक स्थिति में आए बदलाव का जिक्र किया गया। इसमें बताया गया कि पहले देश गरीबी की चुनौती से जूझ रहा था, जबकि अब भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।

पीएम मोदी ने स्वच्छता मिशन की उपलब्धियों, सौर ऊर्जा क्षमता में विस्तार और अंतरिक्ष क्षेत्र में स्टार्टअप की बढ़ती संख्या का भी जिक्र किया। इसके अलावा रक्षा निर्यात में हुई बढ़ोतरी को भी देश की उपलब्धियों के तौर पर पेश किया।

पोस्ट में नक्सलवाद के खिलाफ हुई कार्रवाई का भी उल्लेख किया गया। पीएम मोदी के मुताबिक, 13 साल पहले देश के 182 जिले नक्सल प्रभावित थे, जबकि अब यह संख्या शून्य हो गई है।

GTA VI को लेकर गेमिंग कम्युनिटी में उत्साह

दुनियाभर के गेमर्स के लिए बुधवार का दिन खास रहा। उन्हें लंबे इंतजार के बाद GTA VI की पहली झलक देखने को मिली। यह गेम अपनी शानदार ग्राफिक्स और खुली दुनिया वाले गेमप्ले के लिए जाना जाता है।

इस सीरीज में खिलाड़ियों को एक काल्पनिक अमेरिकी शहर में अपराध की दुनिया से जुड़ी कहानी का हिस्सा बनने का मौका मिलता है। गेम में खिलाड़ियों को अलग-अलग मिशन पूरे करने होते हैं और कहानी के साथ आगे बढ़ना होता है।

गेम को लेकर खिलाड़ियों और समीक्षकों के बीच काफी उत्साह देखने को मिला। रिव्यू एग्रीगेटर मेटाक्रिटिक ने इसे 100 में से 99 अंक दिए हैं। वहीं, एनालिटिक्स फर्म ओम्डिया का अनुमान है कि GTA VI साल के अंत तक रॉकस्टार गेम्स और उसकी मूल कंपनी टेक-टू इंटरएक्टिव के लिए 3.2 अरब डॉलर की बिक्री कर सकता है।

हैक और लीक के कारण लॉन्च में हुई देरी

GTA VI को तैयार करने में रॉकस्टार गेम्स को काफी लंबा समय लगा। साल 2022 में हुए एक साइबर हमले और पिछले साल सामने आए लीक के कारण स्टूडियो को दो बार गेम की लॉन्चिंग टालनी पड़ी। इस गेम सीरीज पर लंबे समय से हिंसा और अपराध को बढ़ावा देने के आरोप भी लगते रहे हैं।

Share This Article