मुंबई में दिसंबर में होने वाले अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के प्रचार वीडियो हटाए जाने पर आयोजन समिति ने मेटा से जवाब मांगने की अपील की है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम एक बार फिर विवादों में आ गया है। मेटा के स्वामित्व वाले इस प्लेटफॉर्म ने मुंबई में होने वाली ‘वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस-2026’ के प्रचार से जुड़ा एक वीडियो हटा दिया है। इस कार्रवाई से आयोजन समिति के सदस्यों में नाराजगी है। संगठन ने इंस्टाग्राम पर हिंदू-विरोधी रवैया अपनाने और हिंदू संगठनों से जुड़ी सामग्री को निशाना बनाने का आरोप लगाया है।
आयोजन समिति के सचिव स्वदेश खेतावत के मुताबिक, वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस का आयोजन 18 से 20 दिसंबर 2026 तक मुंबई में होना है। हटाए गए वीडियो में हिंदू युवाओं से इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होने की अपील की गई थी। इसमें पिछले आयोजन में हिस्सा लेने वाले एक प्रतिभागी ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को आगामी सम्मेलन में भाग लेने के लिए प्रेरित किया था।
पहले भी हटाए गए थे CM फडणवीस के वीडियो
स्वदेश खेतावत ने दावा किया कि यह पहला मामला नहीं है, जब इंस्टाग्राम ने हिंदू संगठनों या उनके कार्यक्रमों से जुड़े प्रचार वीडियो हटाए हैं। उनके मुताबिक, कुछ दिन पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से जुड़े प्रचार के दो वीडियो भी प्लेटफॉर्म से हटा दिए गए थे।
इस मामले में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई थी और संबंधित अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग की गई थी। इसके बाद इंस्टाग्राम ने मुख्यमंत्री से जुड़े वीडियो बहाल कर दिए, लेकिन उन्हें हटाने की वजह स्पष्ट नहीं की और न ही कोई माफी मांगी।
CM फडणवीस से मिला संगठन का प्रतिनिधिमंडल
वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस के प्रचार वीडियो हटाए जाने के विरोध में संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें औपचारिक ज्ञापन सौंपकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की।
संगठन ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर मुंबई में मेटा के प्रतिनिधियों को तलब किया जाए। साथ ही, वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस-2026 के प्रचार वीडियो बार-बार हटाए जाने को लेकर कंपनी से औपचारिक स्पष्टीकरण मांगा जाए।
आयोजन के प्रभाव को कम करने की कोशिश का आरोप
स्वदेश खेतावत ने आरोप लगाया कि वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस से जुड़ी सामग्री को बार-बार हटाना और उसके प्रचार में बाधा डालना वैश्विक हिंदू नेतृत्व सम्मेलन के प्रभाव को कम करने की किसी सोची-समझी साजिश का हिस्सा प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि संगठन इस मामले को गंभीरता से ले रहा है और उचित माध्यमों से इसके खिलाफ कार्रवाई करेगा।
गौरतलब है कि वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस-2026 का आयोजन 18 से 20 दिसंबर तक मुंबई में प्रस्तावित है। अब मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग के बाद सबकी नजरें मेटा की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।

