मॉन्स्टर थ्रिलर ‘कालिया’ में भारतीय लोककथाओं और पौराणिक मान्यताओं की रहस्यमयी दुनिया दिखेगी, फिल्म 2028 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन 22 नवंबर को अपना 36वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर उन्हें फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से बधाइयां मिल रही हैं। वहीं, निर्माता-निर्देशक करण जौहर ने उनके जन्मदिन को खास बनाते हुए नई फिल्म ‘कालिया’ का ऐलान कर दिया है।
यह एक मॉन्स्टर थ्रिलर फिल्म होगी, जिसकी कहानी भारतीय लोककथाओं और पौराणिक मान्यताओं पर आधारित होगी। फिल्म का निर्माण धर्मा प्रोडक्शंस और डोपामाइन स्टूडियोज के बैनर तले किया जाएगा। करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, सोमन मिश्रा और मारीके डी सूजा फिल्म के निर्माता हैं। वहीं, कार्तिक आर्यन भी इसके सह-निर्माता होंगे।
5 मई 2028 को रिलीज होगी ‘कालिया’
कार्तिक आर्यन की इस फिल्म की रिलीज डेट भी घोषित कर दी गई है। ‘कालिया’ 5 मई 2028 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन संदीप मोदी करेंगे। बतौर निर्देशक यह उनकी पहली हिंदी थिएट्रिकल फिल्म होगी। इससे पहले वह ‘द नाइट मैनेजर’ और ‘आर्या’ जैसी चर्चित वेब सीरीज का निर्देशन कर चुके हैं।
करण जौहर के वीडियो ने बढ़ाई उत्सुकता
करण जौहर ने सोशल मीडिया पर फिल्म का अनाउंसमेंट वीडियो साझा किया है, जिसमें इसकी डरावनी दुनिया की झलक दिखाई गई है। इसके साथ उन्होंने लिखा, “श्रीकृष्ण ने इसे दूर भेज दिया था। हम इंसानों ने इसे वापस बुला लिया।”
इस संदेश ने फिल्म की कहानी को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। फिल्म में भारतीय ग्रामीण इलाकों में प्रचलित रहस्यमयी कहानियों और मान्यताओं को दिखाया जाएगा।
‘नागजिला’ में इच्छाधारी नाग बनेंगे कार्तिक
‘कालिया’ के अलावा कार्तिक आर्यन करण जौहर के प्रोडक्शन की फिल्म ‘नागजिला’ में भी नजर आएंगे। मृगदीप सिंह लांबा के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में वह इच्छाधारी नाग का किरदार निभाएंगे। उनके किरदार का नाम प्रियमवदेश्वर प्यारे चंद है। फिल्म में भारतीय लोककथाओं, फैंटेसी और कॉमेडी का मिश्रण देखने को मिलेगा। यह फिल्म 12 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
अनुराग बसु की फिल्म में भी करेंगे काम
कार्तिक आर्यन निर्देशक अनुराग बसु की एक अनटाइटल्ड म्यूजिकल रोमांटिक फिल्म का भी हिस्सा हैं। इसमें उनके साथ अभिनेत्री श्रीलीला नजर आएंगी। इस फिल्म के जरिए कार्तिक पहली बार अनुराग बसु के साथ काम करेंगे। फिल्म की रिलीज डेट 30 अप्रैल 2027 तय की गई है। ऐसे में आने वाले समय में कार्तिक अलग-अलग जॉनर की फिल्मों में नजर आएंगे।

