थुरैयूर-मुसिरी हाईवे पर कार पेड़ से टकराने के बाद दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता मिलेगी।
तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। थुरैयूर-मुसिरी हाईवे पर एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस दुर्घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय सी. जोसेफ ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की मदद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। यह आर्थिक सहायता प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दी जाएगी।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दुर्घटना में लोगों की मौत पर दुख जताया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने बेहतर इलाज के दिए निर्देश
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने जिला प्रशासन और अस्पताल के अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, हादसा कोथुरपट्टी फोर रोड्स के पास हुआ। कार सड़क से उतरकर किनारे लगे एक पेड़ से टकरा गई थी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतकों में तंजावुर जिले के थिरुकाट्टुपल्ली के महाराजपुरम निवासी 45 वर्षीय ए. शक्तिवेल भी शामिल थे। इसके बाद स्थानीय अस्पताल में इलाज के दौरान तीन अन्य लोगों ने दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की कुल संख्या बढ़कर आठ हो गई।
मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों और रिश्तेदारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही स्वास्थ्य अधिकारियों को गंभीर रूप से घायल दोनों यात्रियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

