ट्रंप के टैरिफ का नहीं दिखा असर: अमेरिका और चीन ने भारत से जमकर की खरीदारी, नवंबर में एक्सपोर्ट 19.4% बढ़ा

Thecity news
3 Min Read

नई दिल्ली।
डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए टैरिफ के बावजूद भारत-अमेरिका व्यापार पर कोई नकारात्मक असर नहीं दिखा है। सरकार की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, नवंबर महीने में भारत का एक्सपोर्ट 19.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 38.1 बिलियन डॉलर पर पहुंच गया है। यह बीते तीन सालों का सबसे बेहतर प्रदर्शन माना जा रहा है।

इस जबरदस्त उछाल की मुख्य वजह अमेरिका और चीन को हुए मजबूत निर्यात रहे हैं। वहीं, इसी दौरान भारत के इंपोर्ट्स में 2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।

इंपोर्ट घटा, व्यापार घाटा भी कम

नवंबर में भारत का कुल इंपोर्ट 62.70 बिलियन डॉलर रहा। इंपोर्ट में आई गिरावट का असर व्यापार घाटे पर भी पड़ा है। आंकड़ों के अनुसार, व्यापार घाटा घटकर 24.60 बिलियन डॉलर रह गया, जो कि जून के बाद सबसे निचला स्तर है।

गौरतलब है कि अक्टूबर में भारत के एक्सपोर्ट में 12 प्रतिशत की गिरावट देखी गई थी। ऐसे में नवंबर में आई यह तेजी भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए राहत भरी खबर मानी जा रही है।

ट्रंप के टैरिफ का नहीं पड़ा असर

ताजा आंकड़ों के मुताबिक, नवंबर में अमेरिका को भारत का एक्सपोर्ट करीब 7 बिलियन डॉलर रहा, जो कि 22.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी को दर्शाता है। यह स्थिति तब है, जब डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने का फैसला किया था।

चीन बना तीसरा सबसे बड़ा एक्सपोर्ट डेस्टिनेशन

नवंबर महीने में चीन ने भारत से 2.2 बिलियन डॉलर का सामान खरीदा, जिसमें करीब 90 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके साथ ही चीन ने नीदरलैंड को पीछे छोड़ते हुए भारत का तीसरा सबसे बड़ा एक्सपोर्ट डेस्टिनेशन बनने का दर्जा हासिल कर लिया है।

इन तीन देशों को सबसे ज्यादा एक्सपोर्ट

नवंबर के आंकड़ों के अनुसार भारत के लिए एक्सपोर्ट के लिहाज से

  • पहले स्थान पर अमेरिका,
  • दूसरे स्थान पर यूएई,
  • और तीसरे स्थान पर चीन रहा।

इस दौरान भारत के इंजीनियरिंग गुड्स, इलेक्ट्रॉनिक गुड्स और पेट्रोलियम उत्पादों की मांग अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूत बनी रही।

गोल्ड इंपोर्ट में भारी गिरावट

एक्सपर्ट्स का मानना है कि एक्सपोर्ट में बढ़ोतरी और इंपोर्ट में गिरावट के पीछे त्योहारी सीजन का खत्म होना एक बड़ी वजह है। खास तौर पर गोल्ड इंपोर्ट में नवंबर में 59 प्रतिशत की गिरावट आई है। इस महीने भारत ने केवल 4 बिलियन डॉलर का सोना आयात किया।

Share This Article