ओडिशा में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता, 1.1 करोड़ का इनामी माओवादी नेता गणेश उइके ढेर

Thecity news
2 Min Read

ओडिशा के कंधमाल जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। दो दिवसीय सघन तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने 5 माओवादी नेताओं को मार गिराया, जिनमें शीर्ष माओवादी नेता गणेश उइके भी शामिल है। गणेश उइके पर 1.1 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था।

सुरक्षा बलों ने यह कार्रवाई दो अलग-अलग स्थानों पर की, जहां एक जगह 2 माओवादी और दूसरी जगह 3 माओवादी मारे गए। मुठभेड़ स्थलों से आधुनिक हथियार भी बरामद किए गए हैं।

🚔 50 से अधिक जवानों ने चलाया अभियान

विशेष खुफिया शाखा से मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों ने कंधमाल जिले के चाकापद थाना क्षेत्र और राम्भा वन क्षेत्र (गंजम जिले से सटे इलाके) में संयुक्त अभियान शुरू किया था।

इस अभियान में कुल 23 टीमें शामिल थीं, जिनमें

  • 20 विशेष अभियान समूह (SOG)
  • 2 CRPF टीमें
  • 1 BSF टीम

बुधवार को बेलघर थाना क्षेत्र के गुम्मा वन क्षेत्र में 2 माओवादी मारे गए, जबकि गुरुवार को चाकापद के नारिग झोला वन क्षेत्र में 3 अन्य माओवादी ढेर किए गए।

🔍 मारे गए माओवादियों की पहचान

मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने 3 पुरुष और 2 महिला माओवादियों के शव बरामद किए। उनके पास से

  • 2 INSAS राइफलें
  • 1 .303 राइफल
    बरामद की गई हैं।

69 वर्षीय गणेश उइके, जिसे पक्का हनुमंतु, राजेश तिवारी, चमरू और रूपा जैसे नामों से भी जाना जाता था, तेलंगाना के नालगोंडा जिले के चेंदूर मंडल के पुल्लेमाला गांव का निवासी था।

📉 इलाके में नक्सली नेटवर्क कमजोर

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, इस मुठभेड़ के बाद कंधमाल और आसपास के इलाकों में नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। अब माना जा रहा है कि देवूजी इस क्षेत्र में सक्रिय एकमात्र प्रमुख माओवादी नेता बचा है।

Share This Article