देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शनिवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंच गई। बहुत जल्द इस ट्रेन का नियमित परिचालन गुवाहाटी से कोलकाता के बीच शुरू किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अत्याधुनिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्रेन का निरीक्षण किया और यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।
अगले 6 महीने में 8 नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि अगले 6 महीनों में देशभर में 8 नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें शुरू की जाएंगी। वहीं, साल 2026 के अंत तक इनकी संख्या बढ़कर 12 हो जाएगी। उन्होंने कहा कि अगले 15–20 दिनों में गुवाहाटी-कोलकाता रूट पर यह ट्रेन शुरू कर दी जाएगी, जो दो राज्यों को जोड़ने वाली पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन होगी।
16 कोच, 823 यात्रियों की क्षमता
16 कोच वाली इस पूरी तरह एसी स्लीपर ट्रेन की कुल यात्री क्षमता 823 है। इसमें:
- थर्ड एसी के 11 कोच (611 यात्री)
- सेकंड एसी के 4 कोच (188 यात्री)
- फर्स्ट एसी का 1 कोच (24 यात्री)
शाम को प्रस्थान कर अगली सुबह गंतव्य तक पहुंचने के लिहाज से इस ट्रेन को डिजाइन किया गया है।
180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार, सुरक्षा पर खास जोर
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 180 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार से चल सकती है। सुरक्षा के लिहाज से इसमें कवच स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली, फायर सेफ्टी सिस्टम, एआई आधारित सीसीटीवी कैमरे और सेंसर डोर लगाए गए हैं। सीटें आरामदायक हैं और कोच में उच्च स्वच्छता मानकों का पालन किया गया है। इसमें कीटाणुनाशक तकनीक का उपयोग किया गया है, जो 99.9 प्रतिशत रोगाणुओं को नष्ट करने में सक्षम है।
थर्ड एसी का किराया 2300 रुपये
रेल मंत्री ने किराए की जानकारी देते हुए बताया कि:
- थर्ड एसी (भोजन सहित): ₹2300
- सेकंड एसी: ₹3000
- फर्स्ट एसी: ₹3600
उन्होंने कहा कि गुवाहाटी से कोलकाता की हवाई यात्रा का किराया 6000 से 8000 रुपये तक होता है, ऐसे में वंदे भारत स्लीपर ट्रेन मिडिल और लो-इनकम फैमिलीज के लिए किफायती और आरामदायक विकल्प साबित होगी।

