प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात दौरे के दूसरे दिन सोमनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर भव्य ‘शौर्य यात्रा’ की शोभा बढ़ाई। यह आयोजन मंदिर के गौरवशाली इतिहास और विदेशी आक्रांताओं के विरुद्ध बलिदान देने वाले वीर योद्धाओं को समर्पित रहा। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारत की सांस्कृतिक चेतना और अटूट स्वाभिमान का प्रतीक बनकर उभरा।
108 घोड़ों के जुलूस के साथ शौर्य यात्रा
रविवार को आयोजित शौर्य यात्रा का मुख्य आकर्षण 108 घोड़ों का प्रतीकात्मक जुलूस रहा, जिसने शक्ति, साहस और बलिदान का संदेश दिया। यह यात्रा वर्ष 1026 ईस्वी में मंदिर पर हुए पहले बड़े आक्रमण की स्मृति में आयोजित की गई, ताकि इतिहास के उन अध्यायों को याद किया जा सके जिन्होंने भारत की आत्मा को और मजबूत बनाया।
महादेव के चरणों में पूजा और ‘ओंकार’ जाप
शौर्य यात्रा के बाद पीएम मोदी ने सोमनाथ मंदिर के गर्भगृह में विशेष दर्शन-पूजन किया। इस दौरान ‘ओंकार’ मंत्र का जाप किया गया। मंदिर परिसर में 72 घंटे तक चलने वाले निरंतर ‘ओम’ जाप ने श्रद्धालुओं के बीच आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया। पीएम ने इस अनुभव को भारतीय संस्कृति की दिव्यता का प्रतीक बताया।
उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर प्रधानमंत्री को देखने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। इस मौके पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी उपस्थित रहे।
सरदार पटेल के योगदान का स्मरण
प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि आज़ादी के बाद सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण की नींव रखकर सरदार पटेल ने सांस्कृतिक पुनरुत्थान का मार्ग प्रशस्त किया।
ड्रोन शो में जीवंत हुआ इतिहास
स्वाभिमान पर्व के तहत पहले दिन आयोजित भव्य ड्रोन शो ने सभी का ध्यान खींचा। करीब 3,000 ड्रोन्स के माध्यम से आकाश में शिवलिंग, सोमनाथ मंदिर और ब्रह्मांडीय आकृतियों को उकेरा गया। पीएम मोदी ने इसे आधुनिक तकनीक और प्राचीन आस्था का अद्भुत संगम बताया।

