मणिपुर: उखरुल के लिटान गांव में फिर हिंसा, गोलीबारी-आगजनी से दहशत, इंटरनेट बंद

Thecity news
3 Min Read

लिटान गांव में तड़के गोलीबारी, घरों में आग

इंफाल/उखरुल। मणिपुर में जातीय हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। उखरुल जिले के लिटान गांव में मंगलवार तड़के गोलीबारी और कुछ घरों में आग लगाए जाने की घटनाएं सामने आई हैं। इसके बाद पूरे इलाके में तनाव और भय का माहौल बन गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हिंसा के डर से कई परिवार अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करते दिखे।


रविवार रात भी जले थे 30 से ज्यादा घर

इससे पहले रविवार रात लिटान गांव में 30 से अधिक घरों में आग लगाए जाने की सूचना मिली थी। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया है और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।


नागा बहुल जिले में कैसे भड़की हिंसा?

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एक दिन पहले नागा समुदाय के एक युवक पर हुए कथित हमले के बाद हालात बिगड़े। इसके बाद दो तांगखुल नागा संगठनों ने उखरुल और कामजोंग जिलों में कुकी समुदाय की आवाजाही पर पाबंदी लगाने की घोषणा की।
इसी के बाद लिटान सारेइखोंग इलाके में गोलीबारी और आगजनी की घटनाएं हुईं।

आगजनी में

  • तांगखुल नागा समुदाय के 21 घर,
  • कुकी-जो समुदाय के 3 घर,
  • और कुछ सरकारी आवास नष्ट हो गए हैं।

घटना के बाद आसपास के कुकी-बहुल गांवों से लोग सुरक्षित इलाकों में शरण लेने लगे हैं।


इंटरनेट सेवाएं 5 दिन के लिए बंद

तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मणिपुर सरकार ने उखरुल जिले के राजस्व क्षेत्र में ब्रॉडबैंड, VPN और वी-सैट आधारित इंटरनेट सेवाओं पर 5 दिन का प्रतिबंध लगा दिया है।
प्रशासन का कहना है कि अफवाहों और भड़काऊ संदेशों को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।


शांति बैठक बेअसर, हालात जस के तस

सोमवार को लिटान पुलिस थाने में उपमुख्यमंत्री एल. डिखो की मौजूदगी में एक जनसभा आयोजित की गई थी। इसमें दोनों समुदायों के नेता, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए थे।
जनसभा में शांति बनाए रखने की अपील की गई थी, लेकिन इसके बावजूद हालात में कोई खास सुधार नहीं दिखा।


उखरुल में कर्फ्यू लागू

उखरुल जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रविवार शाम 7 बजे से कर्फ्यू लागू कर दिया है। यह अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।
कर्फ्यू के दौरान लोगों के घरों से बाहर निकलने पर पूरी तरह पाबंदी है।


अब तक नगा समुदाय था तटस्थ

गौरतलब है कि मैतेई और कुकी-जो समुदाय के बीच लंबे समय से जारी हिंसा में नगा समुदाय अब तक तटस्थ रहा था।
हालांकि, शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात नगा समुदाय के एक युवक पर हमले के बाद हालात तेजी से बिगड़ गए और उखरुल जिले में तनाव फैल गया।

Share This Article