प्रधानमंत्री मोदी ने असम में पूर्वोत्तर की पहली ELF का उद्घाटन किया

Thecity news
3 Min Read

डिब्रूगढ़ के मोरान बाईपास पर बनी रणनीतिक सुविधा

प्रधानमंत्री Narendra Modi ने चुनावी राज्य असम के दौरे के दौरान डिब्रूगढ़ के मोरान बाईपास पर बनी आपातकालीन लैंडिंग सुविधा (ELF) का उद्घाटन किया। यह पूर्वोत्तर भारत की पहली ऐसी सुविधा है, जिसे सैन्य और रणनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सीमा से सटे इस राज्य में ELF का निर्माण सुरक्षा के लिहाज से बड़ा कदम है।

ELF पर ही उतरा प्रधानमंत्री का विमान

प्रधानमंत्री सुबह दिल्ली से चाबुआ एयरफोर्स बेस पहुंचे और वहां से भारतीय वायुसेना के C-130 विमान से मोरान स्थित ELF पर पहुंचे। 4.2 किलोमीटर लंबी इस सुविधा पर C-130 की सफल लैंडिंग हुई। बाद में प्रधानमंत्री इसी विमान से गुवाहाटी के लिए रवाना हुए।

30 मिनट तक चला एयर शो

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान करीब 30 मिनट तक भारतीय वायुसेना के विमानों ने हाईवे पर शक्ति प्रदर्शन किया। राफेल, सुखोई, डॉर्नियर और AN-32 जैसे विमानों ने फ्लाईपास, टचडाउन और टेकऑफ का प्रदर्शन किया। हजारों की संख्या में मौजूद लोगों ने इस अद्भुत नज़ारे को देखा।

40 से 74 टन तक के विमान कर सकेंगे संचालन

ELF को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यहां से 40 टन तक के लड़ाकू विमान और 74 टन तक के ट्रांसपोर्ट विमान सुरक्षित रूप से लैंडिंग और टेकऑफ कर सकते हैं। यह सुविधा आपात स्थिति में वैकल्पिक रनवे के तौर पर काम करेगी।

आपदा राहत में भी होगा उपयोग

सैन्य उद्देश्यों के अलावा ELF का उपयोग प्राकृतिक आपदाओं या अन्य आपात स्थितियों में राहत और बचाव कार्यों के लिए भी किया जा सकेगा। यहां से सैन्य और नागरिक दोनों तरह के विमान संचालित किए जा सकते हैं।

सीमाओं के करीब, रणनीतिक महत्व अधिक

यह ELF चीन सीमा से लगभग 300 किलोमीटर और म्यांमार सीमा से करीब 200 किलोमीटर दूर स्थित है। ऐसे में इसका रणनीतिक महत्व और भी बढ़ जाता है, खासकर पूर्वोत्तर क्षेत्र में सुरक्षा और त्वरित सैन्य प्रतिक्रिया के लिए।

देशभर में 28 ELF विकसित करने की योजना

भारतीय वायुसेना के सहयोग से इस सुविधा को खास तौर पर तैयार किया गया है। केंद्र सरकार देशभर में 28 स्थानों पर ऐसी आपातकालीन लैंडिंग सुविधाएं विकसित करने की योजना पर काम कर रही है।

कई अन्य परियोजनाओं का भी उद्घाटन

प्रधानमंत्री ब्रह्मपुत्र नदी पर बने कुमार भास्कर वर्मा सेतु का भी उद्घाटन करेंगे। 3,030 करोड़ रुपये की लागत से बना यह 6-लेन एक्स्ट्राडोज्ड PSC पुल गुवाहाटी को उत्तरी गुवाहाटी से जोड़ेगा, जिससे यात्रा समय घटकर 7 मिनट रह जाएगा। इसके अलावा गुवाहाटी में 5,450 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया जाएगा।

Share This Article