अभिजीत दीपके यानी कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक ने आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ अपने संबंधों को लेकर स्थिति साफ कर दी है। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने स्वीकार किया कि वह आम आदमी पार्टी के साथ काम करते थे और उन्हें इस पर गर्व है। उन्होंने कहा कि उन्होंने पार्टी में संचार के क्षेत्र में काम किया था और इस बात को उन्होंने कभी छिपाया नहीं। इसी बीच दीपके ने 5 सितंबर को प्रस्तावित मार्च का फैसला भी वापस ले लिया है।
अभिजीत दीपके और AAP कनेक्शन
बीबीसी को दिए इंटरव्यू में अभिजीत दीपके से पूछा गया कि क्या उनके विपक्षी पार्टी के साथ जुड़े होने की बात का इस्तेमाल हमेशा उनके खिलाफ किया जाएगा। इस पर उन्होंने कहा कि एक ऐसा ईकोसिस्टम हो सकता है, जो बार-बार इस बात को सामने लाएगा कि वह आम आदमी पार्टी के साथ थे।
दीपके ने कहा कि आम आदमी पार्टी एक राजनीतिक दल है और उन्होंने वहां काम किया है। उन्होंने पार्टी में संचार के क्षेत्र में काम करने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि उन्होंने इसे कभी छिपाया नहीं, बल्कि सार्वजनिक रूप से इसके बारे में बताया है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें आम आदमी पार्टी के साथ काम करने पर गर्व है।
आलोचकों को दिया जवाब
दीपके ने कहा कि उन्हें शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करने का मौका मिला। उन्होंने आलोचकों को जवाब देते हुए कहा कि अगर कोई उनके पुराने राजनीतिक जुड़ाव का इस्तेमाल उन्हें निशाना बनाने के लिए करना चाहता है, तो वह ऐसा कर सकता है।
उन्होंने कहा कि इसका मतलब यह भी है कि उनके आलोचकों के पास उन्हें निशाना बनाने के लिए उनके अतीत के अलावा कुछ और नहीं है।
AAP के साथ करते थे काम
बीबीसी की मई में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका के बोस्टन जाने से पहले अभिजीत दीपके आम आदमी पार्टी के साथ काम करते थे। उनके आम आदमी पार्टी से जुड़े होने को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। अब दीपके ने खुद इंटरव्यू में पार्टी के साथ काम करने की बात स्वीकार की है।
5 सितंबर को नहीं होगी रैली
कॉकरोच जनता पार्टी ने 5 सितंबर को प्रस्तावित मार्च वापस लेने का ऐलान किया है। पार्टी के मुताबिक, सरकार की ओर से एफआईआर वापस लेने और आत्महत्या करने वाले अभ्यर्थियों के परिवारों को मुआवजा देने के लिए केंद्र को निर्देश दिए जाने के बाद यह फैसला लिया गया।
पार्टी का कहना है कि सरकार ने जुलाई में किए गए अपने सभी वादे पूरे कर दिए हैं। इसके बाद 5 सितंबर को प्रस्तावित मार्च को वापस लेने का निर्णय लिया गया।
दीपके ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस फैसले से उन छात्रों और नागरिकों को न्याय मिला है, जो अपनी आवाज उठाने के लिए सड़कों पर उतरे और सोशल मीडिया के जरिए अपनी बात रखते रहे।
प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत के नेतृत्व वाली पीठ ने 20 से 25 जुलाई के बीच हुए प्रदर्शनों में शामिल छात्रों के खिलाफ दर्ज सभी आपराधिक मामलों को मंगलवार को रद्द कर दिया। अदालत ने केंद्र को आत्महत्या करने वाले नीट अभ्यर्थियों के परिवारों को तीन महीने के भीतर वित्तीय मुआवजा उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया।

