सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी और सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी परीक्षा में धांधली की जांच के दौरान सामने आई अतुल राज की भूमिका, पूछताछ में सॉल्वर गैंग से जुड़े कई लोगों के नाम बताए
जांच में सामने आया है कि अतुल राज पांडेय सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी यानी एईडीओ परीक्षा में सक्रिय सॉल्वर गैंग से जुड़ा हुआ था। वह पटना के कंकड़बाग स्थित रघुनाथ उच्च बालिका विद्यालय परीक्षा केंद्र पर बायोमीट्रिक ऑपरेटर के तौर पर तैनात था। इसी दौरान परीक्षा में गड़बड़ी की साजिश रची गई।
मामले की जांच के दौरान अतुल की सहकर्मी दीपिका कुमारी के मोबाइल से परीक्षा से जुड़े कई अहम डिजिटल सबूत मिले थे। अतुल का मोबाइल भी परीक्षा केंद्र से जब्त किया गया था। इन सबूतों की जांच के बाद परीक्षा में उसकी भूमिका सामने आई।
इस मामले में पटना के एएन कॉलेज परीक्षा भवन में परीक्षार्थी रोशन कुमार को बायोमीट्रिक कर्मी अंशुप्रिया द्वारा उत्तर पुर्जा देते हुए पकड़ा गया था। इसके बाद जांच आगे बढ़ी तो अतुल राज पांडेय की भूमिका भी सामने आई।
एईडीओ परीक्षा में कई केंद्रों को मैनेज करने की साजिश
ईओयू की जांच के मुताबिक, अतुल ने अप्रैल 2026 में हुई सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी और सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी यानी एईडीओ परीक्षा के दौरान कई परीक्षा केंद्रों को मैनेज करने की साजिश रची थी। बड़े स्तर पर धांधली की इस कोशिश के बाद बीपीएससी ने दोनों परीक्षाएं रद्द कर दी थीं।
पूछताछ में अतुल ने सॉल्वर गैंग से जुड़े कई अहम लोगों के नाम भी बताए हैं। ईओयू अब इन नामों का सत्यापन कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे और परीक्षा केंद्रों तक उनकी पहुंच कैसे बनी।
जैमर और बायोमीट्रिक कंपनियों के साथ कर चुका है काम
जांच में यह भी सामने आया है कि अतुल राज पहले कई जैमर और बायोमीट्रिक कंपनियों के साथ अलग-अलग परीक्षाओं में काम कर चुका है। वह इन कंपनियों को मानव बल भी उपलब्ध कराता था। इसी अनुभव का इस्तेमाल परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था और बायोमीट्रिक सिस्टम तक पहुंच बनाने में किया गया या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
इस मामले में 23 अप्रैल 2026 को श्रीकृष्णापुरी थाने में लोक स्वच्छता पदाधिकारी की परीक्षा में कदाचार से जुड़ा केस दर्ज किया गया था। अब ईओयू इस पूरे मामले के दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तारी के बाद अतुल राज पांडेय को बुधवार देर रात बेऊर जेल भेज दिया गया। ईओयू की कार्रवाई से परीक्षा में धांधली करने वाले नेटवर्क पर शिकंजा कसने की उम्मीद है। जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।

