ब्रिटेन के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी के कारण मुंबई से लंदन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI131 को स्विटजरलैंड के ज्यूरिख डायवर्ट करना पड़ा। फ्लाइट के यात्री ज्यूरिख एयरपोर्ट के वेटिंग एरिया में घंटों से फंसे हैं और उन्हें अब लंदन पहुंचने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
9 घंटे से ज्यूरिख एयरपोर्ट पर इंतजार
AI131 के एक यात्री के मुताबिक, यात्री करीब 9 घंटे से ज्यूरिख एयरपोर्ट के वेटिंग एरिया में इंतजार कर रहे हैं। सबसे बड़ी परेशानी यह है कि फ्लाइट दोबारा कब रवाना होगी और यात्री लंदन कब पहुंचेंगे, इसे लेकर फिलहाल कोई स्पष्टता नहीं है।
मुंबई से लंदन की सीधी यात्रा के लिए विमान में सवार हुए यात्रियों को अचानक ज्यूरिख में उतारना पड़ा। ब्रिटेन के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण उड़ानों के संचालन पर व्यापक असर पड़ा है।
ब्रिटेन में 1,000 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित
एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में आई तकनीकी समस्या के कारण ब्रिटेन में 1,000 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं। हीथ्रो समेत कई एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ और यात्रियों को लंबे इंतजार का सामना करना पड़ा।
ब्रिटेन की नेशनल एयर ट्रैफिक सर्विसेज के मुताबिक, फ्लाइट प्रोसेसिंग सिस्टम में समस्या सामने आई थी। तकनीकी टीम ने सिस्टम को ठीक करने की कोशिश की, लेकिन खराबी का असर पहले से प्रभावित फ्लाइट शेड्यूल पर बना रहा।
हीथ्रो पर उड़ानें शुरू, लेकिन देरी का खतरा
हीथ्रो एयरपोर्ट पर कुछ उड़ानों का संचालन दोबारा शुरू हो गया, लेकिन स्थिति को देखते हुए यात्रियों को आगे भी देरी की चेतावनी दी गई। ऐसे में AI131 के यात्रियों की लंदन यात्रा भी अनिश्चितता में फंस गई है।
फिलहाल ज्यूरिख एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे यात्रियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि उनकी फ्लाइट कब दोबारा उड़ान भरेगी और वे लंदन कब पहुंच पाएंगे।

