बलिया में सीएम योगी पर आपत्तिजनक पोस्ट का मामला
बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ कथित आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में एक पत्रकार को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार पत्रकार की पहचान पवन तिवारी के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पारिवारिक शादी में शामिल होने बलिया आए थे पत्रकार
पुलिस के मुताबिक, पवन तिवारी पारिवारिक शादी में शामिल होने के लिए बलिया आए हुए थे। इसी दौरान उनके फेसबुक अकाउंट से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जुड़ी एक कथित आपत्तिजनक और भड़काऊ तस्वीर साझा की गई, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया।
भाजपा नेता की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
भाजपा के हनुमानगंज मंडल के महामंत्री अमरीश कुमार पांडेय की तहरीर पर सोमवार को बलिया शहर कोतवाली में पवन तिवारी के खिलाफ FIR दर्ज की गई।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पोस्ट से समाज में वैमनस्य फैलाने और शांति भंग करने की कोशिश की गई।
किन धाराओं में दर्ज हुआ केस?
पुलिस ने पवन तिवारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की
धारा 196(1)(B) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
यह धारा धर्म और जाति के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता और वैमनस्य फैलाने से जुड़ी है।
क्या था फेसबुक पोस्ट?
पुलिस के अनुसार, तिवारी द्वारा साझा की गई तस्वीर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक ब्राह्मण की चोटी खींचते हुए दर्शाया गया था।
तस्वीर के साथ लिखा गया था—
“एक साधु के देश में ही एक रावण ने देश की मर्यादा को तार-तार किया था… अपने को योगी कहने वाले बटुक ब्राह्मणों की चोटी खींच जूता से पिटवाने वाले, ये बात सनातनी लोग कभी नहीं भूलेंगे।”
पहले भी करते रहे हैं आपत्तिजनक पोस्ट—भाजपा नेता
स्थानीय भाजपा नेताओं का दावा है कि पवन तिवारी पहले भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करते रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

