पंजाब में पाकिस्तान से आ रहे ड्रोन और हथियारों पर भगवंत मान का बड़ा दावा, बोले- अब तक पहुंची 54 AK-47

Thecity news
6 Min Read

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि राज्य की पाकिस्तान से 533 किलोमीटर लंबी सीमा है और इसे लेकर सुरक्षा एजेंसियां लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि ड्रोन के जरिए पंजाब में नशे और हथियारों के पैकेट भेजे जा रहे हैं और अब तक 54 AK-47 पहुंच चुकी हैं।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य की सुरक्षा, सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियार और नशे की तस्करी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब की पाकिस्तान के साथ 533 किलोमीटर लंबी सीमा है और यह देश का दिल होने के साथ-साथ एक तरह से प्रवेश द्वार भी है। इसी वजह से पाकिस्तान लगातार राज्य में गड़बड़ी करने की कोशिश करता है।

पंजाब पुलिस और BSF मिलकर कर रहे सीमा की सुरक्षा

भगवंत मान ने कहा कि पंजाब पुलिस और BSF मिलकर सीमा की सुरक्षा पर काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब पुलिस का करीब 40 फीसदी बल BSF के साथ काम कर रहा है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, राज्य सरकार केंद्रीय गृह मंत्रालय और खुफिया एजेंसियों के लगातार संपर्क में है। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा राजनीति से ऊपर है। पंजाब पुलिस के पास अपना एंटी-ड्रोन सिस्टम, आधुनिक GPS सिस्टम और बेहतर वाहन भी हैं।

मान ने यह भी कहा कि विदेशों में छिपे गैंगस्टरों को रेड कॉर्नर नोटिस के जरिए भारत लाया जा रहा है। उन्होंने यूरोप से अमृत दलम के प्रत्यर्पण का भी जिक्र किया।

गैंगस्टरों के एनकाउंटर पर पुलिस की तारीफ

लुधियाना में दो गैंगस्टरों के मारे जाने पर मुख्यमंत्री ने पंजाब पुलिस की तारीफ की। उन्होंने कहा कि दोनों गैंगस्टर एक ब्लड डोनेशन कैंप पर गोली चलाने की कोशिश कर रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें मार गिराया।

मान ने कहा कि पंजाब पुलिस अपना काम कर रही है और राज्य में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ड्रोन से 3 से 5 किलो के पैकेट भेजने का दावा

भगवंत मान ने दावा किया कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब में 3 से 5 किलो के पैकेट भेजे जा रहे हैं। इनमें नशे और हथियार होने की आशंका रहती है।

उन्होंने कहा कि अब तक पंजाब में 54 AK-47 पहुंच चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि ये हथियार पंजाब में कहां से आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय को इसका जवाब देना चाहिए और यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि हथियार जम्मू-कश्मीर से आ रहे हैं या गुजरात के रास्ते पंजाब पहुंच रहे हैं।

मुंद्रा पोर्ट से ड्रग्स पहुंचने का भगवंत मान का दावा

मुख्यमंत्री ने गुजरात के मुंद्रा पोर्ट से ड्रग्स की बरामदगी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि गुजरात पोर्ट से करीब 3,000 किलो ड्रग्स पंजाब तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश और राजस्थान के रास्ते से भी ड्रग्स पंजाब आ रहा है।

BJP की नशा विरोधी यात्रा पर निशाना साधते हुए मान ने कहा कि पहले मुंद्रा पोर्ट को संभालिए, उसके बाद पंजाब में नशे के खिलाफ यात्रा निकालिए।

नायब सिंह सैनी पर भी साधा निशाना

भगवंत मान ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि सिर्फ कार में पगड़ी रख लेने और पंजाब में प्रवेश करते समय उसे पहन लेने से पंजाबियों का दिल नहीं जीता जा सकता। उनके मुताबिक, पंजाबियों को दिखावे की नहीं, बल्कि सम्मान की जरूरत है।

कांग्रेस के प्रदर्शन और अंदरूनी खींचतान पर हमला

पटियाला में कांग्रेस के धरने को लेकर भी भगवंत मान ने सवाल उठाए। उन्होंने कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान पर तंज कसते हुए पूछा कि क्या पार्टी के सभी नेता प्रदर्शन में एक साथ पहुंचे थे।

मान ने कहा कि कांग्रेस में आपसी लड़ाई चल रही है। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के धरने में शामिल नहीं होने को लेकर भी उन्होंने निशाना साधा।

उन्होंने हरियाणा और पंजाब में किसानों को मिलने वाली बिजली व्यवस्था की तुलना करते हुए कहा कि हरियाणा में किसान बिजली का बिल देते हैं, जबकि पंजाब में किसानों को मुफ्त बिजली दी जाती है।

कोयले की कमी से बंद यूनिट अब चालू

मुख्यमंत्री ने पंजाब में बिजली संकट को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोयले की कमी के कारण कुछ बिजली यूनिट बंद थीं। इस संबंध में उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री से बातचीत की, जिसके बाद कोयले की आपूर्ति को लेकर रास्ता साफ हुआ।

मान ने कहा कि अब पंजाब के सभी पांच सरकारी थर्मल प्लांट की यूनिट चल रही हैं। उन्होंने इसके लिए झारखंड सरकार का धन्यवाद भी किया।

Share This Article