क्या है खबर?
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादियों द्वारा बिछाए गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) की चपेट में आने से एक 15 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना गंगालूर थाना क्षेत्र के लेंद्रा और कोरचोली गांवों के बीच स्थित वन क्षेत्र में हुई। घायल किशोर की पहचान राम पोतम के रूप में हुई है, जो कोरचोली नादिपारा गांव का निवासी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, किशोर के पैर में गंभीर चोट आई है और उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस के मुताबिक, राम पोतम जंगल के रास्ते से गुजर रहा था, तभी अनजाने में उसका पैर IED पर पड़ गया और जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज सुनते ही मौके पर तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान पहुंचे और घायल किशोर को 222वीं बटालियन के शिविर में ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे बीजापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज
घटना के बाद सुरक्षाबलों ने आशंका जताई है कि इलाके में और भी IED लगाए गए हो सकते हैं। इसके मद्देनज़र पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल में जाते समय पूरी सावधानी बरतें, अनजान रास्तों का इस्तेमाल न करें और किसी भी संदिग्ध वस्तु को न छुएं।
बस्तर में IED धमाकों का बढ़ता खतरा
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल जनवरी से दिसंबर के बीच बस्तर क्षेत्र में IED धमाकों की 15 से अधिक घटनाएं सामने आई थीं, जिनमें 4 से अधिक नागरिकों की जान गई थी। सुरक्षाबल लगातार माओवादियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।

