17 फरवरी से दो पालियों में होगी मैट्रिक परीक्षा
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) की ओर से आयोजित माध्यमिक (मैट्रिक) परीक्षा 17 फरवरी 2026 से राज्यभर के 1,699 परीक्षा केंद्रों पर शुरू होगी। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। इस वर्ष कुल 15,12,687 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें 7,85,726 छात्राएं और 7,26,961 छात्र शामिल हैं।
छात्राओं की संख्या फिर रही आगे
इस वर्ष भी छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक है। राज्य के सभी जिलों में चार-चार मॉडल केंद्र बनाए गए हैं। कुल 152 मॉडल केंद्रों पर केवल छात्राएं परीक्षा देंगी। इन केंद्रों पर तैनात सभी कर्मी भी महिलाएं होंगी और परीक्षा केंद्रों को विशेष रूप से फूलों और गुब्बारों से सजाया जाएगा।
पटना जिले में विशेष व्यवस्था
पटना जिले में कुल 71,022 परीक्षार्थियों के लिए 70 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें चार मॉडल केंद्र भी शामिल हैं। जिले में प्रथम पाली में 35,897 और द्वितीय पाली में 35,125 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा का समय और शिफ्ट विवरण
पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक होगी। दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। राज्यभर में प्रथम पाली में 7,58,633 और दूसरी पाली में 7,54,054 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
प्रवेश का समय निर्धारित
प्रथम पाली के लिए परीक्षार्थियों को सुबह 8:30 बजे से 9:00 बजे तक प्रवेश मिलेगा। वहीं दूसरी पाली के लिए दोपहर 1:00 बजे से 1:30 बजे तक ही केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी। निर्धारित समय के बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
कंट्रोल रूम और अतिरिक्त समय की सुविधा
परीक्षा के सफल संचालन के लिए 16 फरवरी से 25 फरवरी तक कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा। किसी भी समस्या की स्थिति में 0612-2232257 और 0612-2232227 पर संपर्क किया जा सकता है। दिव्यांग परीक्षार्थियों को प्रति घंटा अधिकतम 20 मिनट का अतिरिक्त समय प्रदान किया जाएगा।
प्रवेश पत्र गुम होने पर भी मिलेगा मौका
यदि किसी छात्र का प्रवेश पत्र खो जाता है या घर पर छूट जाता है, तो केंद्र पर मौजूद उपस्थिति पत्रक में स्कैन फोटो और रोल सूची से सत्यापन कर परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाएगी। निरीक्षण के लिए आने वाले अधिकारियों हेतु केंद्रों पर निरीक्षण पंजी भी संधारित की जाएगी।
कड़ी सुरक्षा और मॉडल केंद्रों की सूची
परीक्षा को कदाचारमुक्त बनाने के लिए दो स्तरों पर तलाशी ली जाएगी। इलेक्ट्रॉनिक, स्मार्ट या मैग्नेटिक वॉच पूरी तरह प्रतिबंधित है। परीक्षार्थी केवल वैध प्रवेश पत्र और आवश्यक स्टेशनरी ही साथ ला सकेंगे। पटना के मॉडल केंद्रों में राजकीय बालिका प्लस टू विद्यालय बांकीपुर, राजकीय बालिका उच्च विद्यालय शास्त्रीनगर, कमला नेहरू बालिका उच्च विद्यालय यारपुर (गर्दनीबाग) और राजकीय बालिका उच्च विद्यालय गर्दनीबाग शामिल हैं।

