CBSE Vs UP Board Result 2026: 95% अंक लाने वाले छात्रों में सीबीएसई यूपी बोर्ड से 121 गुना आगे

Thecity news
4 Min Read

सीबीएसई में 55 हजार से ज्यादा छात्रों ने हासिल किए 95% से अधिक अंक, यूपी बोर्ड में केवल 458 छात्र पहुंचे इस आंकड़े तक

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी Central Board of Secondary Education (सीबीएसई) और Uttar Pradesh Madhyamik Shiksha Parishad (यूपी बोर्ड) के हाईस्कूल परीक्षा परिणाम 2026 के आंकड़ों ने बड़ा अंतर उजागर किया है। दोनों बोर्डों के रिजल्ट का विश्लेषण करने पर सामने आया कि 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक पाने वाले छात्रों की संख्या में सीबीएसई, यूपी बोर्ड से 121 गुना आगे है।

सीबीएसई ने 15 अप्रैल 2026 को हाईस्कूल परीक्षा परिणाम घोषित किया था, जबकि यूपी बोर्ड ने 23 अप्रैल 2026 को रिजल्ट जारी किया।

यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा 2026 में कुल 27,58,679 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जिनमें से 25,98,315 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 23,50,316 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए और कुल पास प्रतिशत 90.46 फीसदी रहा।

वहीं सीबीएसई हाईस्कूल परीक्षा 2026 में देश-विदेश के 24,83,479 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इनमें से 24,71,777 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए और 23,16,008 छात्र-छात्राएं सफल रहीं। सीबीएसई का कुल रिजल्ट 93.70 फीसदी दर्ज किया गया।

95% अंक पाने वालों में बड़ा अंतर

सीबीएसई में 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले छात्रों की संख्या 55,368 रही, जबकि यूपी बोर्ड में केवल 458 छात्र ही इस श्रेणी में पहुंच सके। इस तरह सीबीएसई में यूपी बोर्ड की तुलना में 121 गुना अधिक छात्रों ने 95 फीसदी का आंकड़ा पार किया।

इसी तरह 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक पाने वाले छात्रों की संख्या भी सीबीएसई में काफी ज्यादा रही। यूपी बोर्ड में जहां 14,172 विद्यार्थियों ने 90 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त किए, वहीं सीबीएसई में यह संख्या 2,21,574 रही।

हालांकि, सीबीएसई की द्वितीय परीक्षा 15 मई 2026 से शुरू हो रही है। इसके परिणाम आने के बाद इन आंकड़ों में बदलाव संभव है।

यूपी बोर्ड के 73% छात्र फर्स्ट डिवीजन पास

यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा 2026 में सफल छात्रों में से लगभग 73 प्रतिशत विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी हासिल की है। कुल सफल 23,50,316 परीक्षार्थियों में से 17,17,462 छात्रों को 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक मिले हैं।

वहीं केवल 6,32,854 परीक्षार्थियों को 60 फीसदी से कम अंक प्राप्त हुए हैं।

अंकों के आधार पर छात्रों का वर्गीकरण देखें तो सबसे ज्यादा 5,01,401 विद्यार्थियों (21.33 फीसदी) को 60 से 65 प्रतिशत के बीच अंक मिले। इसके अलावा 4,44,593 छात्रों (18.92 फीसदी) को 55 से 60 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए। वहीं 4,31,872 छात्र-छात्राओं (18.38 फीसदी) ने 65 से 70 प्रतिशत के बीच अंक हासिल किए।

शिक्षा विशेषज्ञों के बीच शुरू हुई चर्चा

दोनों बोर्डों के रिजल्ट में आए इस बड़े अंतर के बाद शिक्षा विशेषज्ञों के बीच मूल्यांकन प्रणाली, परीक्षा पैटर्न और अंक देने की प्रक्रिया को लेकर चर्चा तेज हो गई है। कई विशेषज्ञों का मानना है कि सीबीएसई की मूल्यांकन प्रणाली अपेक्षाकृत उदार है, जबकि यूपी बोर्ड में अंक देने की प्रक्रिया अधिक सख्त मानी जाती है।

Share This Article