बुधवार सुबह चमोली में करीब 31 मिनट के अंतराल पर दो भूकंप आए। दोनों का केंद्र जमीन के भीतर अलग-अलग गहराई पर था।
उत्तराखंड के चमोली जिले में बुधवार, 18 नवंबर को दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) के मुताबिक, पहले भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.1 दर्ज की गई, जबकि दूसरे की तीव्रता 2.8 रही। दोनों भूकंप करीब 31 मिनट के अंतराल पर आए।
पहले भूकंप की तीव्रता 4.1 मापी गई
एनसीएस के अनुसार, चमोली में पहला भूकंप सुबह 10 बजकर 21 मिनट पर आया। इसकी तीव्रता 4.1 मापी गई और इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में था।
इसके बाद सुबह 10 बजकर 52 मिनट पर दूसरा भूकंप आया। इसकी तीव्रता 2.8 दर्ज की गई। दूसरे भूकंप का केंद्र जमीन से 5 किलोमीटर की गहराई में था।
जम्मू-कश्मीर में 12 घंटे के भीतर आए थे चार भूकंप
इससे पहले 14 नवंबर को जम्मू-कश्मीर में करीब 12 घंटे के भीतर चार बार भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इन भूकंपों के केंद्र डोडा और किश्तवाड़ में दर्ज किए गए थे।
पहला भूकंप देर रात 2 बजकर 38 मिनट पर किश्तवाड़ में आया था, जिसकी तीव्रता 3.3 थी। इसके बाद सुबह 8 बजकर 31 मिनट पर डोडा में 2.7 तीव्रता का भूकंप आया। सुबह 8 बजकर 48 मिनट पर डोडा में ही 3.8 तीव्रता के झटके महसूस किए गए। चौथा भूकंप दोपहर 1 बजकर 9 मिनट पर आया, जिसकी तीव्रता 2.9 मापी गई थी।
आखिर क्यों आते हैं भूकंप?
भूकंप आने की मुख्य वजह धरती के भीतर मौजूद टेक्टोनिक प्लेटों का आपस में टकराना, रगड़ना या खिसकना है। इन प्लेटों की हलचल के कारण जमीन के भीतर ऊर्जा जमा होती रहती है।
जब यह ऊर्जा अचानक बाहर निकलती है तो धरती की सतह पर कंपन पैदा होता है। इसी वजह से लोगों को भूकंप के झटके महसूस होते हैं।

