कुलगाम में लश्कर कमांडर लतीफ भट ढेर, जवानों का जश्न मनाते वीडियो वायरल; अमित शाह ने की तारीफ

Thecity news
2 Min Read

सुरक्षाबलों के संयुक्त अभियान में लश्कर के सक्रिय स्थानीय आतंकवादी को मार गिराया गया। मुठभेड़ से पहले उसे आत्मसमर्पण का मौका भी दिया गया था।

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट को मार गिराया। ऑपरेशन के बाद सुरक्षाबलों के जवानों का जश्न मनाते हुए एक वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस सफल अभियान के लिए भारतीय सुरक्षाबलों की सराहना की है।

मुठभेड़ स्थल से शव और हथियार बरामद

जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक, संयुक्त अभियान के दौरान मारे गए आतंकवादी की पहचान कुलगाम के खेरवान निवासी मोहम्मद लतीफ भट के रूप में हुई है। पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से उसका शव और एक हथियार बरामद किया है। बताया गया है कि लतीफ भट लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर था।

अमित शाह ने सुरक्षाबलों के तालमेल को सराहा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों की तारीफ की।

उन्होंने कहा कि इन सभी एजेंसियों के आपसी तालमेल से चलाए गए अभियान में कुलगाम में लश्कर के घाटी में मौजूद आखिरी सक्रिय स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट को मार गिराया गया। शाह के मुताबिक, इससे एक दिन पहले कुलगाम में ही उसके साथी आतंकवादी उमर निसार को भी मार गिराया गया था।

गृह मंत्री ने अभियान में शामिल जवानों के बेहतरीन तालमेल की सराहना करते हुए बहादुर सुरक्षाकर्मियों को सलाम किया।

आत्मसमर्पण का मौका देने के बाद हुई कार्रवाई

मुठभेड़ से पहले सुरक्षाबलों ने लतीफ भट को आत्मसमर्पण करने का मौका दिया था। उसे चेतावनी दी गई थी कि आत्मसमर्पण करने पर उसे नहीं मारा जाएगा, लेकिन उसे कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

समझाने की कई कोशिशों के बावजूद लतीफ भट ने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया। इसके बाद सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें वह मारा गया।

Share This Article