चेन्नई सुपर किंग्स ने IPL 2026 के बचे हुए मुकाबलों के लिए कर्नाटक के युवा ऑलराउंडर मैकनील हैडली नोरोन्हा को अपनी टीम में शामिल कर लिया है।
नोरोन्हा को चोटिल रामकृष्ण घोष की जगह टीम में मौका मिला है। हालांकि फ्रेंचाइजी की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन CSK के CEO काशी विश्वनाथन ने इसकी पुष्टि कर दी है। ऐसे में जल्द ही औपचारिक ऐलान होने की उम्मीद है।
महाराजा ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन से बटोरी सुर्खियां
24 वर्षीय मैकनील हैडली नोरोन्हा ने 2025 की महाराजा ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा था।
उन्होंने मैंगलोर ड्रैगन्स के लिए खेलते हुए 13 मैचों में 148.82 की स्ट्राइक रेट से 253 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 19 छक्के निकले थे।
सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, नोरोन्हा ने ऑफ स्पिन गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया था। उन्होंने 7.44 की इकॉनमी रेट से 10 विकेट अपने नाम किए थे। टूर्नामेंट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 25 रन देकर 2 विकेट लेना रहा।
अभी तक सिर्फ 3 टी-20 मैच खेले
नोरोन्हा ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024 के जरिए अपने टी-20 करियर की शुरुआत की थी।
अब तक उन्होंने केवल 3 टी-20 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 19.33 की औसत और 161.11 की स्ट्राइक रेट से 58 रन बनाए हैं। इस दौरान 34 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा।
गेंदबाजी में उनके नाम फिलहाल एक विकेट दर्ज है। खास बात यह है कि उन्होंने अभी तक कोई प्रथम श्रेणी या लिस्ट-A मैच नहीं खेला है।
CSK युवा खिलाड़ियों पर दिखा रही भरोसा
चेन्नई सुपर किंग्स इस सीजन युवा खिलाड़ियों को लगातार मौके दे रही है। टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि नोरोन्हा अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और उपयोगी ऑफ स्पिन से टीम को संतुलन देंगे।
IPL जैसे बड़े मंच पर यह युवा ऑलराउंडर अब अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए तैयार है और फैंस की नजरें भी उनके प्रदर्शन पर रहेंगी।

