CWG 2026: भारत ने एक दिन में जीते 16 पदक, मुक्केबाजों ने रचा इतिहास; पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंचा देश

Thecity news
5 Min Read

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शनिवार भारत के लिए अब तक का सबसे यादगार दिन साबित हुआ। भारतीय खिलाड़ियों ने एक ही दिन में 16 पदक जीतकर नया इतिहास रच दिया। शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत अब 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 39 पदकों के साथ पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। इस उपलब्धि में सबसे बड़ा योगदान भारतीय मुक्केबाजों का रहा, जिन्होंने रिकॉर्ड प्रदर्शन करते हुए 7 स्वर्ण और 3 रजत पदक अपने नाम किए। इसके अलावा पैरा एथलेटिक्स, एथलेटिक्स और जूडो में भी भारत ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की।

मुक्केबाजों ने किया ऐतिहासिक प्रदर्शन

भारतीय मुक्केबाजों ने कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सभी 10 फाइनल मुकाबलों में पदक जीतने का कारनामा किया। सेमीफाइनल तक पहुंचे हर भारतीय खिलाड़ी ने स्वर्ण या रजत पदक अपने नाम किया।

महिलाओं के 51 किलोग्राम वर्ग में साक्षी चौधरी ने इंग्लैंड की रूबी व्हाइट को हराकर स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद 54 किलोग्राम वर्ग में प्रीति पवार ने कनाडा की स्कारलेट सवाना डेलगाडो को पराजित कर गोल्ड अपने नाम किया। 57 किलोग्राम वर्ग में जैसमीन लम्बोरिया ने उत्तरी आयरलैंड की मिकाएला वॉल्श को हराकर स्वर्ण पदक जीता।

महिलाओं के 60 किलोग्राम वर्ग में प्रिया घंघास ने कनाडा की मैरी-बाथूल अल-अहमदिएह को मात देकर स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि 70 किलोग्राम वर्ग में अरुंधति चौधरी ने इंग्लैंड की शैंटेल रीड को हराकर भारत के लिए एक और गोल्ड जोड़ा।

पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग में सचिन सिवाच ने नामीबिया के ट्रायगेन मॉर्निंग नडेवेलो को हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं 80 किलोग्राम वर्ग में अंकुश पंघाल ने इंग्लैंड के दिमेजी शिट्टू को हराकर भारत की झोली में सातवां स्वर्ण डाला।

रजत पदकों की बात करें तो महिलाओं के 75 किलोग्राम वर्ग में लवलीना बोरगोहाईं को ऑस्ट्रेलिया की एम्मा सू ग्रीनट्री से हार का सामना करना पड़ा। पुरुषों के 55 किलोग्राम वर्ग में जादुमणि सिंह और 90 किलोग्राम से अधिक वर्ग में नरेंद्र बरवाल ने भी रजत पदक जीते।

पैरा एथलेटिक्स में भारत का स्वर्ण-रजत डबल

पुरुष एफ-57 शॉटपुट स्पर्धा में भारत ने पहला और दूसरा स्थान हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया। सोमन राणा ने 13.40 मीटर के सत्र के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि शुभम जुयाल ने 13.28 मीटर के प्रयास के साथ रजत पदक अपने नाम किया।

एथलेटिक्स में भी बरसे पदक

पुरुष ट्रिपल जंप में प्रवीण चित्रावेल ने 16.58 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक जीता, जबकि सेल्वा प्रभु थिरुमरन ने 16.52 मीटर के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में गुलवीर सिंह ने 13 मिनट 24.95 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीता। उन्होंने केन्या के कॉर्नेलियस केम्बोई को महज 0.04 सेकंड से पीछे छोड़ा।

जूडो में महिलाओं के 63 किलोग्राम वर्ग में उन्नति शर्मा ने दक्षिण अफ्रीका की स्काई नोस्टर को इप्पोन के जरिए हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।

कुछ खिलाड़ी पदक से चूके

जूडो के पुरुष 81 किलोग्राम वर्ग में हर्ष तोकस कांस्य पदक मुकाबले में हार गए। वहीं 90 किलोग्राम वर्ग में करणजीत सिंह मान और महिलाओं के 70 किलोग्राम वर्ग में इनुंगनबी ताखेल्लामबम का अभियान भी समाप्त हो गया।

ट्रैक साइक्लिंग में डेविड बेकहम एलकटोहचूंगो, रोनाल्डो सिंह लैतोंजाम और रोजित सिंह स्प्रिंट क्वालिफिकेशन से आगे नहीं बढ़ सके। वहीं बॉल्स प्रतियोगिता में भी भारत का अभियान समाप्त हो गया।

अंतिम दिन पदकों की उम्मीद

कॉमनवेल्थ गेम्स का समापन रविवार को होगा। अंतिम दिन ट्रैक साइक्लिंग में दिनेश कुमार, हर्षवीर सिंह सेखों, रोनाल्डो सिंह लैतोंजाम और लीशा दास से पदक की उम्मीद रहेगी। वहीं जूडो में ईशरूप नरंग, अवतार सिंह और यश घंघास भी भारत की चुनौती पेश करेंगे।

Share This Article