नोएडा की तरफ से आ रहे डंपर ने रोड नंबर 13 पर CCTV लगाने और मरम्मत के काम में लगी क्रेन और ऑटो को टक्कर मारी, हादसे में 3 लोगों की मौत और 3 घायल
दिल्ली के सरिता विहार इलाके में रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नोएडा की तरफ से आ रहे एक डंपर ने रोड नंबर 13 पर खड़ी क्रेन और ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। उस समय वहां सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत सीसीटीवी लगाने और मरम्मत का काम चल रहा था। हादसे में काम कर रहे लोगों में से 3 की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुबह 3:20 बजे हुआ हादसा
हादसा सुबह करीब 3:20 बजे सरिता विहार थाना क्षेत्र के रोड नंबर 13 पर हुआ। दिल्ली-नोएडा को जोड़ने वाली इस सड़क पर सीसीटीवी इंस्टॉलेशन और रिपेयरिंग का काम चल रहा था। काम के लिए मौके पर क्रेन और ऑटो खड़ा था।
इसी दौरान नोएडा की तरफ से आ रहे डंपर ने दोनों वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वहां काम कर रहे कई लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
तीन मृतकों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान उमेश, प्रवीण और सूरज के रूप में हुई है। उमेश की उम्र 23 वर्ष थी और वह संगम विहार का रहने वाला था। 35 वर्षीय प्रवीण भी संगम विहार में रहता था।
तीसरे मृतक सूरज की उम्र 34 वर्ष बताई गई है। वह एचआर मैनेजर के तौर पर काम कर रहा था। कंपनी की ओर से उसके बारे में अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।
तीन घायलों की हालत गंभीर
हादसे में आकाश, अनुप और खेम सिंह घायल हुए हैं। 20 वर्षीय आकाश और 26 वर्षीय अनुप संगम विहार के रहने वाले हैं। वहीं 40 वर्षीय खेम सिंह रोहिणी का निवासी है।
तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के दौरान सुधीर नाम का एक व्यक्ति भी मौके पर मौजूद था, जो इस घटना में बाल-बाल बच गया।
डंपर चालक की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, हादसे में शामिल डंपर का रजिस्ट्रेशन नंबर पता कर लिया गया है। हालांकि, उसका चालक फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
सरिता विहार थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे की परिस्थितियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

