टेक जगत में बड़ा विवाद सामने आया है, जहां Elon Musk ने OpenAI के CEO Sam Altman और अध्यक्ष Greg Brockman को उनके पद से हटाने के लिए कानूनी कार्रवाई शुरू की है। मस्क का आरोप है कि कंपनी अपने मूल गैर-लाभकारी उद्देश्य से भटककर मुनाफे की ओर बढ़ रही है।
संशोधित याचिका में बड़ा बदलाव
Elon Musk ने अपनी संशोधित याचिका में कहा कि उनका उद्देश्य OpenAI को फिर से गैर-लाभकारी संस्था के रूप में स्थापित करना है।
इससे पहले मस्क ने AI कंपनी और उसकी प्रमुख साझेदार Microsoft से करीब 134 अरब डॉलर (लगभग 12,400 अरब रुपये) के हर्जाने की मांग की थी। हालांकि, नई याचिका में उन्होंने साफ किया कि वह व्यक्तिगत लाभ नहीं चाहते और संभावित हर्जाना OpenAI की गैर-लाभकारी शाखा को दिया जाना चाहिए।
OpenAI का पलटवार, आरोपों को बताया निराधार
OpenAI ने मस्क के आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। कंपनी ने बयान जारी कर कहा कि यह मुकदमा कानूनी रूप से कमजोर और निराधार है।
कंपनी के मुताबिक, “अंतिम समय में एलन मस्क द्वारा रुख बदलना उनकी प्रतिष्ठा बचाने की कोशिश है।”
साथ ही OpenAI ने यह भी आरोप लगाया कि यह मुकदमा अहंकार, ईर्ष्या और प्रतिस्पर्धी को धीमा करने की मंशा से प्रेरित है।
गैर-लाभकारी मॉडल को लेकर बढ़ा विवाद
Elon Musk लंबे समय से इस बात पर जोर देते रहे हैं कि OpenAI का मूल उद्देश्य मानवता के हित में AI विकसित करना था, न कि केवल मुनाफा कमाना।
यह मामला अब टेक इंडस्ट्री में बड़े विवाद के रूप में उभर रहा है, जो भविष्य में AI कंपनियों के काम करने के तरीके पर भी असर डाल सकता है।

