सोना एक ही कारोबारी सत्र में 1,33,260 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी भी 5,000 रुपये प्रति किलो टूट गई।
शादी-विवाह के सीजन के बीच सोने और चांदी की कीमतों में आई तेज गिरावट से आभूषण खरीदारों और निवेशकों को राहत मिली है। एक ही कारोबारी सत्र में 24 कैरेट सोना 2,780 रुपये सस्ता होकर 1,33,260 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वहीं, 22 कैरेट सोने की कीमत 2,550 रुपये घटकर 1,22,150 रुपये और 18 कैरेट सोना 290 रुपये टूटकर 99,940 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
चांदी के भाव में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इसकी कीमत 5,000 रुपये प्रति किलो घटकर 1,85,000 रुपये पर आ गई। 5 नवंबर को चांदी का भाव 2,10,000 रुपये प्रति किलो था। इस लिहाज से मौजूदा कीमत उस स्तर से काफी नीचे है।
प्रमुख शहरों में सोने के भाव
देश के प्रमुख शहरों में सोने की कीमतों में मामूली अंतर देखने को मिला। मुंबई और कोलकाता में 24 कैरेट सोना 1,33,260 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा। वहीं, दिल्ली और लखनऊ में इसका भाव करीब 1,33,410 रुपये दर्ज किया गया।
क्यों गिर रहे हैं सोने-चांदी के दाम?
कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार के कई कारण माने जा रहे हैं। अमेरिकी डॉलर में मजबूती और बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी से सोने-चांदी पर दबाव पड़ा है। इसके अलावा अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों को लेकर संभावित सख्त रुख भी कीमतों में गिरावट की एक अहम वजह माना जा रहा है।
खरीदारी और निवेश से पहले इन बातों का रखें ध्यान
शादी के लिए सोने-चांदी के आभूषण खरीदने वालों को बजट तय करते समय केवल धातु की कीमत नहीं देखनी चाहिए। सोने के आभूषणों पर लगने वाले जीएसटी और मेकिंग चार्ज को भी कुल खर्च में शामिल करना जरूरी है।
वहीं, निवेशकों के लिए एकमुश्त बड़ी खरीदारी के बजाय चरणबद्ध तरीके से निवेश करना बेहतर रणनीति हो सकती है। चांदी में निवेश करते समय कीमतों में उतार-चढ़ाव के जोखिम को भी ध्यान में रखना चाहिए।

