भारतीय रेलवे को अधिक सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने गुजरात और मध्य प्रदेश के रेल नेटवर्क को बेहतर संचार और सुरक्षा प्रणालियों से लैस करने के लिए 398.36 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है। इस योजना का उद्देश्य रेल संचालन को अधिक सुरक्षित, सटीक और तकनीकी रूप से मजबूत बनाना है।
ऑप्टिकल फाइबर से मजबूत होगा नेटवर्क
रेल मंत्रालय के अनुसार, इस परियोजना के तहत पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद और रतलाम डिवीजनों में कुल 1,929 किलोमीटर रेल मार्ग पर ऑप्टिकल फाइबर केबल (OFC) बिछाई जाएगी।
अहमदाबाद डिवीजन में 1,456 किमी और रतलाम डिवीजन में 473 किमी क्षेत्र में 2×48 फाइबर ऑप्टिकल केबल डाली जाएगी, जिससे हाई-स्पीड डेटा ट्रांसमिशन संभव होगा।
‘कवच’ और LTE नेटवर्क को मिलेगा बढ़ावा
यह परियोजना 2024-25 के वर्क्स प्रोग्राम के तहत 27,693 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय योजना का हिस्सा है। इसके जरिए पूरे रेलवे नेटवर्क में कवच (Kavach) सिस्टम के लिए LTE आधारित आधुनिक कम्युनिकेशन नेटवर्क विकसित किया जा रहा है।
इससे ट्रेन संचालन अधिक सुरक्षित होगा और सिग्नलिंग सिस्टम की क्षमता में सुधार आएगा।
क्या है ‘कवच’ सिस्टम?
‘कवच’ भारतीय रेलवे द्वारा विकसित एक ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (ATP) सिस्टम है। यह तकनीक लोको पायलट की गलती या सिग्नल मिस होने की स्थिति में अपने आप ब्रेक लगाकर दुर्घटनाओं को रोक सकती है।
अगर दो ट्रेनें एक ही ट्रैक पर आमने-सामने आ जाएं, तो यह सिस्टम तुरंत सक्रिय होकर टक्कर को टालने में मदद करता है। पश्चिम रेलवे के लिए इस दिशा में 2,800 करोड़ रुपये की अलग परियोजना भी स्वीकृत की गई है।
यात्री सुविधाओं पर भी बड़ा निवेश
सुरक्षा के साथ-साथ सरकार यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने पर भी जोर दे रही है। पिछले तीन वर्षों में 34,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि यात्री सुविधाओं के आधुनिकीकरण के लिए मंजूर की गई है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, 2024-25 के लिए 12,884 करोड़ रुपये और 2025-26 के लिए 12,018 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
स्टेशनों पर भीड़ कम करने की तैयारी
देश के 76 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष कार्य किए जा रहे हैं। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के व्यस्त स्टेशनों पर 23 स्थायी ‘होल्डिंग एरिया’ बनाए जा रहे हैं, जिससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलेगा।

