12 अंकों पर अटकी CSK, अब हर मैच बना करो या मरो
आईपीएल 2026 के 59वें मुकाबले में Lucknow Super Giants ने Chennai Super Kings को 7 विकेट से हराकर प्लेऑफ की रेस को और रोमांचक बना दिया है। इस हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।
चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 187 रन बनाए थे। जवाब में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 16.4 ओवर में सिर्फ 3 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। लखनऊ की इस जीत ने पॉइंट्स टेबल का समीकरण पूरी तरह बदल दिया है।
पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर फिसली CSK
इस हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स 12 मैचों में 6 जीत और 6 हार के साथ 12 अंकों पर पहुंच गई है। खराब नेट रन रेट के कारण टीम अब Rajasthan Royals से नीचे छठे स्थान पर खिसक गई है।
अब CSK के सिर्फ दो मुकाबले बाकी हैं और प्लेऑफ की उम्मीद जिंदा रखने के लिए उसे दोनों मैच जीतने होंगे। हालांकि दोनों मैच जीतने के बाद भी टीम अधिकतम 16 अंकों तक ही पहुंच पाएगी, जिससे उसकी क्वालीफिकेशन की राह अन्य टीमों के नतीजों पर निर्भर रहेगी।
अगर राजस्थान रॉयल्स अपने बाकी मुकाबलों में दो जीत दर्ज कर लेती है तो बेहतर रन रेट के कारण उसे फायदा मिल सकता है। वहीं Punjab Kings अगर अपने शेष दोनों मैच जीतती है तो वह 17 अंकों तक पहुंच जाएगी और प्लेऑफ में जगह लगभग पक्की कर सकती है।
18 मई को सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगी चेन्नई
चेन्नई सुपर किंग्स का अगला मुकाबला 18 मई को Sunrisers Hyderabad के खिलाफ चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा।
सनराइजर्स हैदराबाद इस सीजन शानदार फॉर्म में नजर आई है। टीम फिलहाल 14 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर मौजूद है। भले ही SRH को पिछले मैच में हार मिली हो, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में उसकी आक्रामक बल्लेबाजी और मजबूत प्रदर्शन ने सभी टीमों को चुनौती दी है। ऐसे में CSK के लिए यह मुकाबला आसान नहीं रहने वाला।
गुजरात टाइटंस से भी होगी कड़ी टक्कर
सनराइजर्स हैदराबाद के बाद चेन्नई सुपर किंग्स का सामना 21 मई को Gujarat Titans से होगा। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
गुजरात टाइटंस इस समय शानदार लय में है और 12 मैचों में 8 जीत के साथ 16 अंक हासिल कर चुकी है। बेहतर रन रेट के कारण टीम टॉप-2 की दौड़ में बनी हुई है। Shubman Gill की कप्तानी वाली गुजरात की टीम इस सीजन बेहद संतुलित नजर आई है और मौजूदा फॉर्म को देखते हुए चेन्नई के लिए यह मुकाबला भी बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।
CSK के सामने अब मुश्किल समीकरण
चेन्नई सुपर किंग्स को अब सिर्फ अपने दोनों मुकाबले जीतने पर ही ध्यान नहीं देना होगा, बल्कि उसे अन्य टीमों के नतीजों और नेट रन रेट पर भी नजर रखनी पड़ेगी। लगातार बदलते समीकरणों के बीच MS धोनी की टीम के लिए प्लेऑफ का रास्ता बेहद कठिन दिखाई दे रहा है।

