टीबी मुक्त भारत मिशन के लिए खेला गया मैत्री क्रिकेट मैच, दिल्ली पुलिस ने MP-11 को 12 रन से हराया

Thecity news
3 Min Read

नई दिल्ली: ‘टीबी मुक्त भारत’ मिशन के तहत रविवार को नई दिल्ली में सांसदों की टीम MP-11 और दिल्ली पुलिस के बीच एक मैत्री क्रिकेट मैच खेला गया। इस मुकाबले का उद्देश्य देशभर में टीबी के प्रति जागरूकता फैलाना था। रोमांचक मुकाबले में दिल्ली पुलिस की टीम ने MP-11 को 12 रनों से हराकर जीत दर्ज की।

टॉस जीतकर MP-11 ने चुनी गेंदबाजी

मैच की शुरुआत में MP-11 ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दोनों टीमों के बीच मुकाबला काफी रोमांचक रहा और अंत तक दर्शकों में उत्साह बना रहा। हालांकि अंत में दिल्ली पुलिस की टीम 12 रन से जीत हासिल करने में सफल रही।

श्रीकांत शिंदे ने अभियान की सराहना की

शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे ने कहा कि ‘टीबी मुक्त भारत’ अभियान के तहत MP-11 और अन्य टीमों के बीच ऐसे मैत्री मैच आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि इन मुकाबलों के जरिए टीबी उन्मूलन का संदेश लोगों तक पहुंचता है।

उन्होंने कहा, “हम पिछले 12 वर्षों से इस तरह के मैच खेलते आ रहे हैं। सांसदों को मैच खेलने का ज्यादा समय नहीं मिलता, लेकिन इसके बावजूद हमारा प्रदर्शन अच्छा रहता है और सबसे अहम बात यह है कि इससे जागरूकता बढ़ती है।”

जीत-हार से ज्यादा अहम है टीबी के खिलाफ लड़ाई

भाजपा सांसद सौमित्र खान ने कहा कि इस मैच में जीत या हार से ज्यादा महत्वपूर्ण टीबी के खिलाफ लड़ाई है। उन्होंने कहा कि हमारा अंतिम लक्ष्य टीबी को हराना है और देश को इस बीमारी से मुक्त बनाना है।

अनुराग ठाकुर की पहल पर हो रहे ऐसे मैच

भाजपा नेता अनुराग ठाकुर की पहल पर ‘टीबी मुक्त भारत’ अभियान के तहत सांसदों की MP-11 टीम समय-समय पर ऐसे मैत्री मैच खेलती है। इन मैचों के जरिए ‘टीबी हारेगा, देश जीतेगा’ का संदेश देने की कोशिश की जाती है।

कई सांसद लेते हैं सक्रिय भाग

इन मैचों में अनुराग ठाकुर और मनोज तिवारी जैसे सांसद बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। दोनों ही सांसद अपने समय में अच्छे क्रिकेटर रहे हैं। अनुराग ठाकुर क्रिकेट प्रशासन में भी सक्रिय रहे हैं और हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन तथा बीसीसीआई के अध्यक्ष पद पर भी रह चुके हैं। इस कार्यक्रम के दौरान बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला भी मौजूद रहे।

Share This Article