Mumbai BMW Accident: कोस्टल रोड पर 200 की रफ्तार में दौड़ रही BMW ब्रिज से नीचे गिरी, 3 युवकों की मौत

Thecity news
3 Min Read

मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही BMW लोटस जेट्टी के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर और बिजली के खंभे से टकराई, हादसे में 23 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल

मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह तेज रफ्तार BMW कार भीषण हादसे का शिकार हो गई। मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही कार लोटस जेट्टी के पास अनियंत्रित होकर ब्रिज की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

हादसा सुबह करीब 5:20 बजे लोटस जेट्टी के पास, लाला लाजपत राय कॉलेज के नजदीक हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, BMW काफी तेज रफ्तार में थी। मोड़ के पास चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार डिवाइडर से टकराकर उछली और पुल के नीचे जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

तीन युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर नायर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान धैर्य दर्शन सेठ (17), आदित्य जकसानिया (19) और शनाय गजर (21) के रूप में हुई है। वहीं आदित्य कल्पेश्वर ओसवाल (23) गंभीर रूप से घायल हैं। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है और वह वेंटिलेटर पर हैं।

200 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा थी BMW की रफ्तार

पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे के समय BMW की रफ्तार 200 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा थी। तेज रफ्तार के कारण चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कार सड़क के डिवाइडर और कोस्टल रोड के किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई।

हादसे में शामिल BMW का रजिस्ट्रेशन नंबर DD01-C-6302 बताया गया है। यह वाहन दादरा और नगर हवेली में पंजीकृत है और फाल्गुन गजर के नाम पर है।

मामले की आगे की जांच ताड़देव पुलिस कर रही है।

करीब 10.58 किलोमीटर लंबा है मुंबई कोस्टल रोड

मुंबई कोस्टल रोड दक्षिण मुंबई को पश्चिमी इलाकों से जोड़ने वाला करीब 10.58 किलोमीटर लंबा आठ लेन का मार्ग है। यह दक्षिण मुंबई के मरीन ड्राइव स्थित प्रिंस स्ट्रीट फ्लाईओवर को वर्ली में बांद्रा-वर्ली सी लिंक के पास के इलाके से जोड़ता है।

रविवार सुबह हुए इस हादसे के बाद पुलिस घटना के कारणों और वाहन की तेज रफ्तार से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Share This Article