मुंबई लोकल में बड़ा बदलाव, 238 नई एसी ट्रेनें 2027 से होंगी शुरू

Thecity news
3 Min Read

मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेनों के परिचालन में बड़ा बदलाव होने वाला है। रेल मंत्रालय और सरकार ने मुंबई लोकल को आधुनिक और आरामदायक बनाने के लिए दोहरी रणनीति अपनाई है। मुंबई लोकल नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने के साथ 238 नए एसी रेक जल्द पटरी पर उतारने की तैयारी है।

₹22,000 करोड़ से नेटवर्क का विस्तार

मुंबई उपनगरीय रेल नेटवर्क को मजबूत करने के लिए नए कॉरिडोर, अतिरिक्त रेल लाइनें, 15-कोच ट्रेनों के लिए प्लेटफॉर्म विस्तार और यार्ड पुनर्संरचना जैसे कामों पर करीब ₹22,000 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इससे ट्रेनों की संख्या और फ्रीक्वेंसी बढ़ेगी, जिससे यात्रियों की भीड़ कम करने में मदद मिलेगी।

3 फैक्ट्रियों में एक साथ बनेंगे 238 एसी रेक

मुंबई के लिए 238 अतिरिक्त एसी लोकल रेक को मंजूरी दी गई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी। पहले योजना थी कि इन्हें टेक्नोलॉजी पार्टनर्स के जरिए खरीदा जाए। इस स्थिति में पहला रेक 2030 तक और पूरा बेड़ा 2034 तक मिल पाता।

मुंबईकरों को जल्द राहत देने के लिए अब सरकार ने 238 रेक का निर्माण तीन रेलवे उत्पादन इकाइयों में एक साथ शुरू करने का फैसला लिया है। एसी रेक का निर्माण इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ), चेन्नई, रेल कोच फैक्ट्री (आरसीएफ), कपूरथला और मॉडर्न कोच फैक्ट्री (एमसीएफ), रायबरेली में किया जाएगा।

इस निर्माण रणनीति से पहला एसी रेक 2027 में ही मुंबई को मिलने की उम्मीद है। पूरे 238 रेक की डिलीवरी 2030 तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। यानी पहले की योजना की तुलना में समय सीमा करीब चार साल पहले पूरी होगी।

मुंबई लोकल शहर की जीवनरेखा

एमआरवीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक विलास एस. वाडेकर ने कहा कि संशोधित रणनीति का मकसद एसी रेक को नए कॉरिडोर और अतिरिक्त लाइनों के साथ समन्वित करके मुंबई की लोकल सेवा में जल्द सुधार लाना है। उन्होंने कहा कि मुंबई लोकल सिर्फ परिवहन का साधन नहीं, बल्कि शहर की जीवनरेखा है। त्वरित निर्माण से मुंबईकरों को एसी यात्रा का लाभ बहुत पहले मिल सकेगा।

यात्रियों का सफर होगा ज्यादा आरामदायक

नेटवर्क विस्तार और 238 एसी रेक के शामिल होने से मुंबई की लोकल रेल सेवा अधिक सुरक्षित, आरामदायक और क्षमता-संपन्न बनने की उम्मीद है। गर्मी, उमस और भीड़ से परेशान यात्रियों को एसी लोकल में बेहतर सफर का विकल्प मिलेगा।

साथ ही ट्रेनों की संख्या बढ़ने से रोजाना लाखों यात्रियों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में मदद मिलेगी। सरकार की यह पहल मुंबई और उसके उपनगरों की बढ़ती आबादी तथा यातायात दबाव को देखते हुए रेल नेटवर्क को भविष्य के लिए तैयार करने की दिशा में अहम कदम है।

Share This Article