मुंबई: मुंबई में भीषण गर्मी और मानसून की देरी के बीच प्रशासन ने संभावित बाढ़ और आपदा स्थितियों से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं। आमतौर पर 10 जून तक शहर में पहुंचने वाला मानसून इस बार 22 से 25 जून के बीच दस्तक दे सकता है। वहीं शहर को पानी उपलब्ध कराने वाली झीलों में जलस्तर लगातार घट रहा है और उपलब्ध जल भंडार 12 प्रतिशत से भी नीचे पहुंच गया है।
इसी बीच महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) और विभिन्न एजेंसियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर मानसून तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े समेत रेलवे, मौसम विभाग, मुंबई पुलिस, तटरक्षक बल, एमएमआरडीए, म्हाडा और बेस्ट के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बाढ़ से निपटने के लिए 1000 ‘आपदा मित्र’ तैनात
बैठक के दौरान बीएमसी प्रशासन ने उपमुख्यमंत्री को जानकारी दी कि संभावित आपदा और जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए शहर में 1000 ‘आपदा मित्र’ तैयार रखे गए हैं। इनके अलावा राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की तीन टीमें तथा भारतीय नौसेना की नौ टीमें भी तैनात की गई हैं।
‘आपदा मित्र’ कार्यक्रम के तहत स्वयंसेवी संस्थाओं के वालंटियर्स और आपदा प्रबंधन विशेषज्ञों को शामिल किया जाता है, जो आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों को राहत और सहायता प्रदान करते हैं।
‘शून्य जनहानि’ लक्ष्य के साथ काम करने के निर्देश
एकनाथ शिंदे ने सभी प्रशासनिक एजेंसियों को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र में मानसून के दौरान ‘शून्य जनहानि’ लक्ष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन, जल निकासी और नागरिक सुविधाओं को प्रभावी ढंग से संचालित कर किसी भी अप्रिय घटना को रोका जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि इस वर्ष मानसून में देरी होने से प्रशासन को अतिरिक्त तैयारी का समय मिला है और इसका पूरा उपयोग किया जाना चाहिए।
नाला सफाई, फ्लड गेट और भूस्खलन रोकथाम पर जोर
उपमुख्यमंत्री ने नाला सफाई कार्य जल्द पूरा करने, होल्डिंग पॉन्ड और फ्लड गेट को पूरी तरह सक्रिय रखने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा जाल लगाने तथा शहर में लगे बड़े होर्डिंग्स का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा उन्होंने बीएमसी को एनडीआरएफ की तर्ज पर अपना विशेष आपदा प्रतिक्रिया दल विकसित करने का सुझाव भी दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
मुंबई में 125 वर्षामापक यंत्र और 934 पंप सक्रिय
बीएमसी की ओर से प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार, शहर में वर्षा की निगरानी के लिए 125 वर्षामापक यंत्र स्थापित किए गए हैं। जून से सितंबर के बीच साढ़े चार मीटर से अधिक ऊंचे ज्वार वाले 24 दिन संभावित हैं, जिन्हें संवेदनशील माना जा रहा है।
जलभराव की समस्या को कम करने के लिए 934 स्थानों पर पंप लगाए गए हैं और 65 मिनी पंपिंग स्टेशन कार्यरत हैं। इस वर्ष पहली बार स्मार्ट पंप प्रबंधन प्रणाली लागू की गई है, जिसकी निगरानी सीधे नियंत्रण कक्ष से की जाएगी।
रेलवे, बेस्ट और स्वास्थ्य सेवाओं को भी अलर्ट रहने के निर्देश
शिंदे ने रेलवे प्रशासन को ट्रैक के नीचे स्थित नालों की समय पर सफाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही बेस्ट और एसटी प्रशासन को वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने झुग्गी बस्तियों में जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया तथा अस्पतालों और ‘हिंदुहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे आपला दवाखाना’ केंद्रों में आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त भंडार रखने के निर्देश भी दिए।
मानसून से पहले समन्वित तैयारी का दावा
प्रशासन का दावा है कि विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, आधुनिक तकनीक और व्यापक आपदा प्रबंधन योजना के कारण इस वर्ष मुंबईकरों को मानसून के दौरान राहत मिलेगी। हालांकि मानसून की देरी और झीलों में घटते जलस्तर ने प्रशासन की चिंता भी बढ़ा दी है।

