बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने मुंबई शहर में बढ़ते जलसंकट को देखते हुए शुक्रवार 15 मई 2026 से 10 प्रतिशत पानी कटौती लागू कर दी है। मुंबई को पानी सप्लाई करने वाली झीलों में जलस्तर लगातार कम होने के कारण यह फैसला लिया गया है। इससे मानसून आने तक मुंबईकरों को बड़े पैमाने पर पानी की कमी का सामना करना पड़ सकता है।
रोजाना 400 मिलियन लीटर पानी की अतिरिक्त कमी
मुंबई शहर को प्रतिदिन करीब 4 हजार 500 मिलियन लीटर पानी की आवश्यकता होती है, लेकिन फिलहाल केवल 4 हजार 100 मिलियन लीटर पानी की ही आपूर्ति हो रही है। यानी पहले से ही 400 मिलियन लीटर पानी की कमी बनी हुई थी। अब 10 प्रतिशत पानी कटौती लागू होने के बाद रोजाना अतिरिक्त 400 मिलियन लीटर पानी की कमी और बढ़ जाएगी।
इस कटौती के बाद मुंबईकरों को अब 4 हजार 100 मिलियन लीटर की जगह केवल 3 हजार 700 मिलियन लीटर पानी ही उपलब्ध हो पाएगा।
कई इलाकों में गंभीर जलसंकट की आशंका
शहर के कई इलाकों में बिना कटौती के ही पानी की कमी महसूस की जा रही थी। अब नई कटौती लागू होने के बाद कई क्षेत्रों में गंभीर जलसंकट पैदा होने की आशंका जताई जा रही है। नागरिकों को सीमित पानी सप्लाई मिलने के कारण परेशानी बढ़ सकती है।
पानी बचत को लेकर कोई विशेष प्रतिबंध नहीं
हालांकि पानी कटौती लागू होने के बावजूद बीएमसी की ओर से पानी बचाने को लेकर कोई विशेष प्रतिबंध लागू नहीं किए गए हैं। ऐसे में पानी की खपत नियंत्रित करना मुश्किल माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जल्द बारिश नहीं हुई तो मुंबई के कई इलाकों में लोगों को टैंकर के पानी पर निर्भर रहना पड़ सकता है।
पानी सप्लाई के लिए टैंकर तैयार
बीएमसी के अधिकारियों के अनुसार पानी की कमी से निपटने के लिए सभी विभागीय कार्यालयों में पानी के टैंकर तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। नागरिकों की शिकायत मिलने पर टैंकर के जरिए पानी सप्लाई किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर निजी टैंकरों की मदद भी ली जाएगी।
चेंबूर और आसपास के इलाकों में 12 घंटे जलापूर्ति बाधित
बीएमसी द्वारा अमर महल (हेडगेवार उद्यान) से तुर्म निम्नस्तरीय जलाशय तक जलसुरंग को कार्यान्वित करने का महत्वपूर्ण काम सोमवार 18 मई 2026 को किया जाएगा। इस कार्य के चलते एम पूर्व और एम पश्चिम विभाग के कई इलाकों में सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक करीब 12 घंटे जलापूर्ति बाधित रहेगी। कई क्षेत्रों में कम दबाव से पानी की आपूर्ति होगी।
इन इलाकों के लोगों को उबालकर पानी पीने की सलाह
बीएमसी ने एम पूर्व विभाग के प्रभाग क्रमांक 146, 147 और 148 तथा एम पश्चिम विभाग के प्रभाग क्रमांक 154 और 155 के नागरिकों को 18 मई से 25 मई तक एहतियातन पानी छानकर और उबालकर इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
नागरिकों से पानी बचाने की अपील
बीएमसी ने मुंबईकरों से पानी का सावधानीपूर्वक उपयोग करने और अनावश्यक पानी बर्बाद न करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि मानसून आने तक सभी नागरिकों को पानी बचाने में सहयोग करना होगा।

