नशे के सौदागर अब कार्रवाई के दौरान पुलिस पर हमला करने से भी नहीं हिचक रहे हैं। ताजा मामला नवी मुंबई के उलवे इलाके से सामने आया है, जहां ड्रग्स तस्करों की गिरफ्तारी के लिए गई मुंबई पुलिस की टीम पर कातिलाना हमला किया गया।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को अपनी ओर आते देख आरोपियों ने अचानक हमला बोल दिया। आरोपियों के पास तलवार, देसी कट्टा, हॉकी स्टिक और अन्य घातक हथियार थे। तस्करों ने पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी दी और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
इनफॉर्मर पर भी हमला
हमले के दौरान एक इनफॉर्मर के सिर पर तलवार से वार किया गया, जबकि दूसरे इनफॉर्मर के सीने पर देसी कट्टा रखकर डराने की कोशिश की गई। हालात उस वक्त और गंभीर हो गए जब असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर किरण मांड्रे ने एक आरोपी को पकड़ लिया।
इसी दौरान एक बाइक सवार आरोपी ने एपीआई किरण मांड्रे पर बाइक चढ़ाने की कोशिश की। अन्य पुलिसकर्मियों पर भी तलवार से हमला किया गया। गनीमत रही कि किसी भी पुलिसकर्मी को गंभीर चोट नहीं आई।
गोवंडी के दो फरार ड्रग्स पैडलर भी शामिल
इस मामले में गोवंडी इलाके के दो फरार ड्रग्स पैडलर भी शामिल पाए गए हैं। पुलिस के अनुसार—
- गिरफ्तार आरोपी: मेहराज
- फरार आरोपी:
- इस्माइल शेख
- शाहिद खान
- अयाज खान
- आसिफ खान
- मेराज खान
- निजाम
- शोएब
उलवे पुलिस स्टेशन में सभी आठ आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पहले भी हो चुके हैं पुलिस पर हमले
गौरतलब है कि इससे पहले भी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के अधिकारियों पर मानखुर्द इलाके में नाइजीरियाई नागरिकों द्वारा ड्रग्स तस्करी के आरोप में कार्रवाई के दौरान हमला किया गया था।
जांच तेज, आरोपियों की तलाश जारी
उलवे पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि ड्रग्स तस्करी के खिलाफ अभियान और सख्त किया जाएगा।

