लातूर और पुणे में सीबीआई का एक्शन, कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 13 पहुंची
नीट-यूजी 2026 परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को एक और बड़ी सफलता मिली है। जांच एजेंसी ने बुधवार को महाराष्ट्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए लातूर के एक डॉक्टर और पुणे के एक कोचिंग फैकल्टी को गिरफ्तार किया है। इन दो नई गिरफ्तारियों के बाद इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या बढ़कर 13 हो गई है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में लातूर निवासी डॉक्टर मनोज शिरुरे शामिल हैं। सीबीआई जांच में आरोप है कि उन्होंने एक कोचिंग सेंटर संचालक के बेटे समेत तीन छात्रों को नीट परीक्षा का प्रश्नपत्र बेचा था। जांच एजेंसी के मुताबिक, मुख्य आरोपी पीवी कुलकर्णी से रसायन विज्ञान का लीक प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने में भी उनकी अहम भूमिका रही।
अपने रिश्तेदारों के लिए भी खरीदा था पेपर
सीबीआई सूत्रों के अनुसार, डॉक्टर मनोज शिरुरे ने कथित तौर पर अपने बेटे, भतीजे और भतीजी के लिए भी लीक प्रश्नपत्र खरीदा था। इस खुलासे के बाद जांच एजेंसी मामले में जुड़े अन्य नेटवर्क की भी गहन पड़ताल कर रही है।
वहीं, पुणे से गिरफ्तार दूसरे आरोपी की पहचान तेजस शाह के रूप में हुई है, जो एक कोचिंग सेंटर में फिजिक्स फैकल्टी के तौर पर कार्यरत है। जांच में सामने आया है कि तेजस शाह को नीट-यूजी परीक्षा का लीक हुआ भौतिकी प्रश्नपत्र पहले से गिरफ्तार आरोपी मनीषा हवलदार के जरिए मिला था।
49 ठिकानों पर छापेमारी, डिजिटल सबूत जब्त
सीबीआई ने बताया कि नीट पेपर लीक मामले में शामिल अन्य आरोपियों और नेटवर्क का पता लगाने के लिए देशभर में जांच तेज कर दी गई है। एजेंसी अब तक विभिन्न राज्यों में 49 ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है।
छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, लैपटॉप और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। इन सभी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का तकनीकी और फोरेंसिक विश्लेषण किया जा रहा है। जांच एजेंसी का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
परीक्षा प्रणाली पर फिर उठे सवाल
नीट-यूजी पेपर लीक मामले ने देश की परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मामले में सीबीआई लगातार बड़े खुलासे कर रही है, जिससे शिक्षा जगत में भी चिंता का माहौल बना हुआ है।

