PNB में 8254 पदों पर भर्ती की तैयारी, क्लर्क से लेकर अफसर बनने तक मिलेगा मौका

Thecity news
3 Min Read

पंजाब नेशनल बैंक ने वित्त वर्ष 2027-28 के लिए पदों को मंजूरी दी है, इनमें 4847 पद सीधी भर्ती और 3407 पद पदोन्नति से भरे जाएंगे।

बैंकिंग सेक्टर में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) वित्त वर्ष 2027-28 में कुल 8254 पद भरने जा रहा है। बैंक ने इन रिक्तियों को मंजूरी दे दी है। भर्ती प्रक्रिया में सीधी नियुक्ति के साथ मौजूदा कर्मचारियों को पदोन्नति का अवसर भी मिलेगा।

कुल पदों में 4380 रिक्तियां जूनियर मैनेजमेंट ग्रेड स्केल-1 (जेएमजीएस-1) और 3874 पद क्लर्क कैडर के हैं। इनमें से 3407 पद आंतरिक पदोन्नति और 4847 पद सीधी भर्ती के जरिए भरे जाएंगे।

जेएमजीएस-1 में 1941 पदों पर सीधी भर्ती

अफसर कैडर यानी जेएमजीएस-1 के कुल 4380 पदों में से 2439 पद पदोन्नति के माध्यम से भरे जाएंगे। वहीं, 1941 पदों पर सीधी भर्ती होगी। इससे बैंक में पहले से काम कर रहे कर्मचारियों को भी अधिकारी बनने का अवसर मिलेगा।

क्लर्क कैडर में सीधी भर्ती के ज्यादा पद

क्लर्क कैडर के कुल 3874 पदों में से 968 पद पदोन्नति और 2906 पद सीधी भर्ती से भरे जाएंगे। इस कैडर में बाहरी उम्मीदवारों के लिए सीधी भर्ती के ज्यादा अवसर होंगे।

पीओ, एलबीओ और टेक्निकल पदों पर भर्ती

जेएमजीएस-1 की सीधी भर्ती को तीन श्रेणियों में बांटा गया है। इनमें 145 पद टेक्निकल स्ट्रीम, 750 पद लोकल बैंक ऑफिसर (एलबीओ) और 1046 पद प्रोबेशनरी ऑफिसर/मैनेजमेंट ट्रेनी (पीओ/एमटी) के हैं।

अफसरों का वेतनमान कितना होगा?

पीएनबी की पिछली भर्तियों में जेएमजीएस-1 के चयनित अधिकारियों का वेतनमान 48,480 रुपये से 85,920 रुपये तक रहा है। हालांकि, आगामी भर्ती में वेतनमान और अन्य भत्तों की विस्तृत जानकारी आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

आवेदन और भर्ती का नोटिफिकेशन कब आएगा?

फिलहाल पदों का सर्किलवार विवरण और आवेदन की तारीख जारी नहीं की गई है। ऑल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन के महासचिव पीआर मेहता ने आधिकारिक ईमेल के जरिए भर्ती से जुड़ी जानकारी दी है। उनके मुताबिक, पदोन्नति के पात्र कर्मचारियों से आवेदन मांगने वाला सर्कुलर जल्द जारी किया जाएगा। सीधी भर्ती के लिए अलग से नोटिफिकेशन आएगा।

आवेदन प्रक्रिया, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और परीक्षा पैटर्न की जानकारी भी आधिकारिक नोटिफिकेशन में दी जाएगी। उम्मीदवारों को अपडेट के लिए पीएनबी की आधिकारिक वेबसाइट pnb.bank.in पर नजर रखनी चाहिए। आवेदन और फीस से जुड़ी प्रक्रिया केवल आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ही पूरी करें।

Share This Article