सभी यात्री नागपुर के रहने वाले, करीब 5 बजे ट्रेन से पहुंचे घर; तमिलनाडु के 219 लोगों को भी सुरक्षित निकालने का दावा, 100 की तलाश जारी
नेपाल में भीषण बाढ़ के कारण फंसे 105 भारतीय नागरिक सुरक्षित अपने घर लौट आए हैं। ये सभी यात्री महाराष्ट्र के नागपुर के रहने वाले थे। रविवार सुबह करीब 5 बजे पटना-पूर्णा एक्सप्रेस से वे नागपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। स्टेशन पर उनके परिवार के सदस्यों और दोस्तों ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। लंबे समय बाद अपनों के बीच पहुंचने पर यात्रियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
बाढ़ से निकलकर घर पहुंचे भारतीय
नेपाल में बाढ़ के बीच फंसे इन यात्रियों के लिए सुरक्षित भारत वापसी बड़ी राहत लेकर आई। नागपुर पहुंचने के बाद यात्रियों ने सकुशल घर लौटने में मदद के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और प्रशासन का आभार जताया।
बाढ़ के दौरान नेपाल में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अलग-अलग राज्यों के लोगों की जानकारी जुटाकर उन्हें सुरक्षित भारत लाने की प्रक्रिया जारी है।
तमिलनाडु के 219 लोग भी सुरक्षित निकाले गए
नेपाल में फंसे तमिलनाडु के लोगों को लेकर भी राज्य सरकार ने जानकारी दी है। राज्य मंत्री राजमोहन के मुताबिक नेपाल में तमिलनाडु के कुल 319 लोग फंसे हुए थे। इनमें से 219 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
मंत्री ने बताया कि इन 219 लोगों के 31 अगस्त तक भारत पहुंचने की उम्मीद है। वहीं नेपाल में फंसे बाकी 100 लोगों की तलाश जारी है। तमिलनाडु सरकार लगातार केंद्र सरकार के संपर्क में है और वहां फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
भारत ने नेपाल भेजी राहत सामग्री और रेस्क्यू टीम
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि नेपाल के लिए भारत की चौथी राहत खेप काठमांडू पहुंच गई है। राहत सामग्री के साथ भारत ने टनल रेस्क्यू के लिए तकनीकी विशेषज्ञों की टीम भी नेपाल भेजी है।
इसके अलावा डीएनए जांच के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञ भी नेपाल पहुंचे हैं। राहत सामग्री में कंबल, स्लीपिंग बैग, तिरपाल, प्लास्टिक शीट और हाइजीन किट जैसी जरूरी चीजें शामिल हैं।
भोटेकोशी नदी को लेकर नई चिंता
नेपाल पहले से ही भीषण बाढ़ की मार झेल रहा है। अब भोटेकोशी नदी के जलस्तर और बहाव को लेकर भी चिंता सामने आई है। रसुवा जिला प्रशासन को नदी में पानी का बहाव बढ़ने की आवाज सुनाई दी है।
हालांकि, फिलहाल नदी किनारे के इलाकों में बड़ी बाढ़ का खतरा नहीं बताया गया है और पानी का बहाव धीरे-धीरे कम हो रहा है। इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन ने रसुवा, नुवाकोट और धादिंग में नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
नेपाल में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। भारत सरकार और विभिन्न राज्य सरकारें अपने-अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर रही हैं।

