PM Modi Birthday 2026: वडनगर से वाराणसी तक निकलेगी ‘नमो सेवा गाथा’ यात्रा, BJP ने बनाई बड़े अभियान की योजना

Thecity news
3 Min Read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने 17 सितंबर को अपना 76वां जन्मदिन मनाएंगे। भारतीय जनता पार्टी (BJP) उनके जन्मदिन और जनसेवा के 25 साल पूरे होने के मौके पर कई बड़े कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रही है। इसी कड़ी में पार्टी पीएम मोदी की जन्मस्थली वडनगर से उनके चुनाव क्षेत्र वाराणसी तक यात्रा निकालने जा रही है।

जानकारी के अनुसार, भाजपा जल्द ही यात्रा के मार्ग को अंतिम रूप देगी। यात्रा की शुरुआत 17 सितंबर को वडनगर से होगी। इस दौरान पार्टी जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक सफर और उनके कार्यकाल में लागू की गई जनहित की योजनाओं के बारे में बताएगी। लोगों को बताया जाएगा कि मुख्यमंत्री रहने से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक के कार्यकाल में क्या-क्या काम किए गए।

अभियान में युवाओं की भागीदारी को विशेष महत्व

भाजपा अपने इस अभियान में अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ना चाहती है। इसके लिए युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना है। जानकारी के मुताबिक, पार्टी ने राष्ट्रीय युवा पहल चुनौती समेत अन्य गतिविधियों के जरिए अधिक से अधिक युवाओं को अभियान से जोड़ने की योजना बनाई है।

पार्टी ने अभियान के दौरान तीन तारीखों को विशेष महत्व दिया है। 17 सितंबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है, जबकि 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती मनाई जाएगी। वहीं, 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी लोकसेवक के तौर पर 25 साल पूरे करेंगे। 7 अक्टूबर ही वह दिन है, जब 2001 में नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। इन तीनों अवसरों पर विशेष सेवा और जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कई विशेष आयोजनों की योजना

भाजपा इन तीनों तारीखों पर रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने वाली है। इसके अलावा आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के सम्मान समारोह, नुक्कड़ नाटक और चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। साथ ही ‘नमो सेवा गाथा’ के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

कब से कब तक होगी यात्रा

जानकारी के मुताबिक, यात्रा की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर होगी और यह 17 अक्टूबर तक चलेगी। इस दौरान कुल 10 टीमें वडनगर और वाराणसी से यात्रा पर निकलेंगी।

वाराणसी से निकलने वाली टीम अलग-अलग राज्यों में जाएगी और इसके बाद एक महीने के अंदर वडनगर पहुंचेगी। वहीं, वडनगर से निकलने वाली टीम देश के अलग-अलग राज्यों से होकर वाराणसी पहुंचेगी। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक सफर और उनके जनसेवा से जुड़े कार्यों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।

Share This Article