9 करोड़ के चेक बाउंस केस में अंतरिम जमानत मिलने के बाद एक्टर ने कहा- अच्छे रोल देकर करें मदद, जल्द करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
बॉलीवुड अभिनेता मंगलवार को दिल्ली की तिहाड़ जेल से अंतरिम जमानत पर रिहा हो गए। दिल्ली हाई कोर्ट ने 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में उन्हें 30 दिनों की राहत देते हुए 18 मार्च 2026 तक जमानत दी है। बताया जा रहा है कि बकाया रकम में से 2.5 करोड़ रुपये जमा कराने के बाद उन्हें यह राहत मिली।
रिहाई के बाद मीडिया से बातचीत में राजपाल यादव ने अपने फैंस और शुभचिंतकों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इंडियन सिनेमा में अपने पूरे सफर के दौरान उन्हें बच्चों से लेकर हर पीढ़ी के दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है और वह इसके लिए सभी के आभारी हैं।
इंडस्ट्री से की भावुक अपील
एक्टर ने फिल्म इंडस्ट्री से एक बार फिर काम देने की गुहार लगाई। उन्होंने कहा,
“जिन लोगों ने पहले मेरी मदद की है और मेरा साथ दिया है, मैं उनसे रिक्वेस्ट करता हूं कि वे एक बार फिर मुझे अच्छे रोल दें। पैसे या फीस उनकी मर्जी के अनुसार हो सकती है। जो भी तय करेंगे, मैं काम करने के लिए तैयार हूं।”
राजपाल यादव ने यह भी संकेत दिया कि वह जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस 16 साल पुराने कर्ज मामले पर अपना पक्ष सार्वजनिक रूप से रखेंगे।
5 फरवरी को किया था सरेंडर
गौरतलब है कि हाई कोर्ट की फटकार के बाद 5 फरवरी को राजपाल यादव ने सरेंडर किया था। उन्होंने 19 फरवरी को अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए जमानत की मांग की थी। अदालत ने अंतरिम राहत देते हुए उन्हें अस्थायी जमानत प्रदान की।
अब इंडस्ट्री और फैंस की नजर इस बात पर है कि क्या राजपाल यादव को जल्द ही किसी बड़े प्रोजेक्ट में देखा जाएगा।

