नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। रोंगटे खड़े कर देने वाले इस ट्रेलर में रावण बने यश और भगवान राम के किरदार में रणबीर कपूर की जमकर तारीफ हो रही है। सिर्फ भारत ही नहीं, पाकिस्तान में भी ट्रेलर को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। कई पाकिस्तानी फिल्म समीक्षकों और कंटेंट क्रिएटर्स ने ट्रेलर की सराहना करते हुए इसके विजुअल्स, वीएफएक्स और कलाकारों के अभिनय की प्रशंसा की है।
पाकिस्तानी क्रिएटर ने की ट्रेलर की तारीफ
‘काम वाली बात’ नाम से डिजिटल कंटेंट बनाने वाले माविया उमर फारूकी ने सोशल मीडिया पर ट्रेलर का रिएक्शन साझा किया। उन्होंने कहा कि फिल्म का विशाल बजट ट्रेलर में साफ दिखाई देता है। उन्होंने खास तौर पर वीएफएक्स की तारीफ करते हुए कहा कि बॉलीवुड ने इस फिल्म के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का काम किया है। उन्होंने यह भी कहा कि एक पाकिस्तानी होने के बावजूद ट्रेलर देखकर वह फिल्म को लेकर काफी उत्साहित हैं। साथ ही रणबीर कपूर और यश की परफॉर्मेंस को भी दमदार बताया।
यूट्यूबर हसनात खान ने भी सराहा
पाकिस्तानी फिल्म समीक्षक और यूट्यूबर हसनात खान ने भी अपने यूट्यूब चैनल पर ट्रेलर की जमकर तारीफ की। उन्होंने खास तौर पर यश के रावण अवतार और एक्शन सीक्वेंस की प्रशंसा करते हुए ट्रेलर को शानदार बताया। उनके अनुसार फिल्म के वीएफएक्स बेहद प्रभावशाली नजर आ रहे हैं।
https://www.instagram.com/reel/DbZZGc7ILTu/?utm_source=ig_web_button_share_sheet
दो भागों में रिलीज होगी फिल्म
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में गिनी जा रही है। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा ने प्राइम फोकस स्टूडियोज और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर किया है।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, यश रावण, साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल भगवान हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता हैंस जिमर और ए.आर. रहमान ने संभाली है।
दिवाली 2026 और 2027 में होगी रिलीज
निर्माताओं ने फिल्म को दो भागों में रिलीज करने की योजना बनाई है। पहला भाग दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में दर्शकों के बीच आएगा। ट्रेलर को मिल रहे शानदार रिस्पॉन्स के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ गई है।

