रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2026 में गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणी यानी एनटीपीसी के कुल 5165 पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। इनमें स्नातक स्तर के 3477 और स्नातक से नीचे के 1688 पद शामिल हैं। जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयों को 7 से 15 सितंबर तक अंतिम मांग भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
RRB NTPC भर्ती में इन पदों पर होगी नियुक्ति
स्नातक स्तर की एनटीपीसी भर्ती में मालगाड़ी प्रबंधक के 2750, वरिष्ठ लिपिक सह टंकक के 371, कनिष्ठ लेखा सह टंकक के 300 और मुख्य वाणिज्यिक सह टिकट पर्यवेक्षक के 56 पद शामिल हैं।
वहीं, स्नातक से नीचे की श्रेणी में वाणिज्यिक सह टिकट लिपिक के 700, कनिष्ठ लिपिक सह टंकक के 600, लेखा लिपिक सह टंकक के 200 और ट्रेन लिपिक के 188 पद स्वीकृत किए गए हैं।
सितंबर में आगे बढ़ेगी भर्ती प्रक्रिया
रेलवे बोर्ड के अनुसार 16 से 22 सितंबर तक मुख्य कार्मिक अधिकारी कार्यालय स्तर पर भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद 23 से 25 सितंबर तक रेलवे भर्ती बोर्ड स्तर पर और 26 सितंबर से नोडल रेलवे भर्ती बोर्ड स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
हालांकि, आवेदन शुरू होने की तारीख, आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता, आवेदन शुल्क और परीक्षा कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी अभी जारी नहीं की गई है। इनका आधिकारिक विवरण केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचना जारी होने के बाद सामने आएगा।
15 सितंबर तक भाषा का विकल्प चुनना जरूरी
आरआरबी एनटीपीसी ग्रेजुएट भर्ती के टाइपिंग टेस्ट की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए भाषा का चुनाव महत्वपूर्ण है। आरआरबी के अनुसार 15 सितंबर की शाम 7 बजे तक हिंदी या अंग्रेजी में से भाषा का विकल्प नहीं चुनने पर अभ्यर्थी को टाइपिंग टेस्ट अंग्रेजी भाषा में ही देना होगा। इसके बाद भाषा बदलने का अवसर नहीं मिलेगा।
हिंदी टाइपिंग के लिए कृतिदेव और मंगल फॉन्ट का विकल्प उपलब्ध रहेगा।
16 मिनट का होगा टाइपिंग टेस्ट
एनटीपीसी टाइपिंग टेस्ट का कुल सत्र 16 मिनट का होगा। इसमें एक मिनट वार्मअप, पांच मिनट का ब्रेक और 10 मिनट मुख्य टाइपिंग के लिए निर्धारित हैं। अंग्रेजी में अभ्यर्थियों को 30 शब्द प्रति मिनट और हिंदी में 25 शब्द प्रति मिनट की गति हासिल करनी होगी।
निर्धारित शब्द पूरे नहीं करने वाले अभ्यर्थियों का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा। ऐसे में टाइपिंग टेस्ट में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को भाषा का विकल्प समय पर चुनने के साथ अपनी टाइपिंग गति पर भी विशेष ध्यान देना होगा।

