जितेंद्र कुमार की लोकप्रिय वेब सीरीज 3 दिसंबर 2026 से प्राइम वीडियो पर लौटेगी, नए सीजन में गांव की राजनीति के बदले समीकरण दिखेंगे।
ओटीटी की लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के फैंस का इंतजार खत्म होने वाला है। मेकर्स ने इसके पांचवें सीजन की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। जितेंद्र कुमार स्टारर यह सीरीज 3 दिसंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी।
फुलेरा गांव की राजनीति, आपसी खींचतान और मजेदार किस्सों के साथ सचिव जी एक बार फिर दर्शकों के बीच लौटेंगे। इस बार कहानी में गांव की सत्ता का समीकरण बदला हुआ नजर आएगा। नए सीजन में बनराकस की भूमिका भी पहले से ज्यादा अहम होने वाली है।
फुलेरा में बदलेगा सत्ता का समीकरण
‘पंचायत 5’ में फुलेरा को नया मुखिया मिल चुका है। अब तक गांव की राजनीति में अलग-अलग तरीकों से दखल देने वाला बनराकस इस बार प्रधानपति की भूमिका में दिखाई देगा। ऐसे में सत्ता मिलने के बाद उसकी राजनीति किस दिशा में आगे बढ़ेगी, यह देखना दिलचस्प होगा।
नए प्रधानपति के आने से गांव के पुराने राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं। सचिव जी और गांव के दूसरे लोगों को भी नई परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, मेकर्स ने अभी कहानी के बाकी घटनाक्रम का खुलासा नहीं किया है।
पुराने कलाकार फिर निभाएंगे अपने लोकप्रिय किरदार
पांचवें सीजन में दर्शकों को एक बार फिर पुराने कलाकार अपने चर्चित किरदारों में नजर आएंगे। जितेंद्र कुमार अभिषेक त्रिपाठी यानी सचिव जी की भूमिका में वापसी करेंगे। उनके साथ रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैसल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
पिछले चार सीजन में इन कलाकारों ने फुलेरा के लोगों की जिंदगी, उनके रिश्तों और गांव की राजनीति को खास अंदाज में पेश किया है। सचिव जी, प्रधान जी, मंजू देवी, प्रह्लाद चा और विकास जैसे किरदार दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। नए सीजन में भी इनकी आपसी नोकझोंक और रिश्ते कहानी का अहम हिस्सा होंगे।
दीपक कुमार मिश्रा ने किया है निर्देशन
‘पंचायत 5’ का निर्माण द वायरल फीवर (TVF) ने किया है। सीरीज का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। इसकी कहानी दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार ने मिलकर लिखी है।
यह नया सीजन भारत समेत दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगा। प्राइम वीडियो इंडिया के एसवीओडी कंटेंट एक्विजिशन डायरेक्टर और हेड मनीष मेंघानी ने कहा कि पिछले चार सीजन में फुलेरा और इसके किरदारों ने दर्शकों के बीच खास जगह बनाई है। वहीं, टीवीएफ के प्रेसिडेंट विजय कोशी ने सीरीज की सफलता का श्रेय इसकी सादगी, भावनात्मक जुड़ाव और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी कहानी को दिया।
ओटीटी पर पांच सीजन पूरे करने वाले चुनिंदा शोज में शामिल
‘पंचायत’ ने पहले सीजन से ही दर्शकों के बीच मजबूत पकड़ बनाई। छोटे से गांव की कहानी, सरकारी व्यवस्था की जमीनी हकीकत और स्थानीय राजनीति को हास्य के साथ दिखाने के अंदाज ने इसे अलग पहचान दिलाई।
टीवीएफ के मुताबिक, ‘पंचायत’ ओटीटी पर पांच सीजन तक पहुंचने वाले भारत के चुनिंदा शोज में शामिल है। अब पांचवें सीजन में फुलेरा की बदली हुई सत्ता और गांव के लोगों पर उसके असर को दिखाया जाएगा।

