उदयपुर। सिंगर स्टेबिन बेन और नूपुर सेनन की शादी से पहले उदयपुर में जश्न का माहौल बना हुआ है। खूबसूरत लोकेशन पर आयोजित शादी की रस्मों में पूरा परिवार और करीबी दोस्त जमकर मस्ती करते नजर आ रहे हैं। सेलिब्रेशन की शुरुआत एक भव्य हल्दी फंक्शन से हुई, जहां रंग, संगीत और खुशियों की कोई कमी नहीं दिखी।
इस खास मौके के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन अपनी बहन की शादी में पूरे जोश के साथ डांस करती दिखाई दे रही हैं। हल्दी के बाद आयोजित हुए संगीत समारोह के वीडियोज़ भी इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
‘लॉलीपॉप लागेलू’ पर कृति सेनन का देसी अंदाज
संगीत सेरेमनी के एक वायरल वीडियो में कृति सेनन और अभिनेता वरुण शर्मा भोजपुरी सुपरहिट गाने ‘लॉलीपॉप लागेलू’ पर देसी अंदाज में डांस करते नजर आए। उनकी एनर्जी और एक्सप्रेशन्स ने माहौल और भी रंगीन बना दिया। कृति और वरुण के डांस को देखकर नूपुर सेनन और स्टेबिन बेन भी मुस्कुराते नजर आए।
‘गल्लां गुड़ियां’ और ‘सजनजी वारी वारी’ पर झूमे स्टेबिन–नूपुर
सोशल मीडिया पेज टेलीवुड एंटरटेनमेंट द्वारा शेयर किए गए एक अन्य वीडियो में स्टेबिन बेन और नूपुर सेनन बॉलीवुड गाने ‘गल्लां गुड़ियां’ पर साथ में डांस करते दिखाई दिए। वहीं, एक और क्लिप में नूपुर सेनन अपनी बहन कृति और सहेलियों के साथ ‘सजनजी वारी वारी’ गाने पर मस्ती करती नजर आईं।
हल्दी में परिवार के साथ कृति की मस्ती
हल्दी समारोह के वीडियोज़ पहले ही सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। इन क्लिप्स में कृति सेनन, नूपुर सेनन और स्टेबिन बेन ढोल की थाप पर पूरे जोश के साथ नाचते दिखे। धीरे-धीरे परिवार और दोस्त भी डांस फ्लोर पर उतर आए और जश्न और भी यादगार बन गया।
कब और कैसे होगी शादी?
जानकारी के मुताबिक, 11 जनवरी को स्टेबिन बेन और नूपुर सेनन ईसाई रीति-रिवाजों से शादी करेंगे, इसके बाद पारंपरिक फेरे भी लिए जाएंगे। सूत्रों के अनुसार, शादी की प्लानिंग बेहद खास रखी गई है। बताया जा रहा है कि नूपुर के पिता उन्हें मंडप तक लेकर जाएंगे और कृति सेनन उनके साथ मौजूद रहेंगी। इसके अलावा कपल के लिए एक खास ‘रोस्ट एंड टोस्ट’ सेरेमनी भी रखी गई है, जिसमें दोस्त और परिवार मजेदार किस्सों के साथ उन्हें शुभकामनाएं देंगे।

