नानी और राघव जुयाल की फिल्म ने दो दिनों में भारत में 61.15 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, वर्ल्डवाइड कमाई 98.50 करोड़ रुपये तक पहुंची
साउथ सिनेमा के चर्चित अभिनेता नानी और राघव जुयाल की फिल्म ‘द पैराडाइज’ इन दिनों सिनेमाघरों में चर्चा में है। धमाकेदार शुरुआत और नानी के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग के बाद दूसरे दिन फिल्म की कमाई की रफ्तार जरूर धीमी हुई है। इसके बावजूद शुरुआती दो दिनों के मजबूत कलेक्शन के दम पर फिल्म दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये के आंकड़े के बेहद करीब पहुंच गई है।
दूसरे दिन फिल्म की कमाई में आई गिरावट
बुधवार को हुए प्रीव्यू शो और गुरुवार को पहले दिन की शानदार कमाई के बाद शुक्रवार को फिल्म के कलेक्शन में गिरावट देखने को मिली। पहले दिन फिल्म ने भारत में करीब 34.65 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था, जबकि दूसरे दिन यह आंकड़ा घटकर लगभग 14.90 करोड़ रुपये रह गया।
इस तरह दूसरे दिन फिल्म की कमाई में पहले दिन के मुकाबले करीब 57 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। वर्किंग डे होने और दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया को इसके पीछे की प्रमुख वजहों में गिना जा रहा है।
100 करोड़ के करीब पहुंचा वर्ल्डवाइड कलेक्शन
दूसरे दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कमाई कम होने के बावजूद फिल्म का कुल कारोबार मजबूत बना हुआ है। दो दिनों में ‘द पैराडाइज’ ने भारत में करीब 61.15 करोड़ रुपये का नेट और 72.50 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है।
वहीं, विदेशी बाजारों से फिल्म को करीब 26 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन मिला है। इसके साथ ही फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 98.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
80 के दशक की कहानी और अधिकारों की लड़ाई
श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी ‘द पैराडाइज’ एक पीरियड एक्शन थ्रिलर फिल्म है। इसकी कहानी 1980 के दशक के सिकंदराबाद की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में नानी ‘जादल’ नाम के एक बागी युवक की भूमिका निभा रहे हैं, जो अपने समाज और वंचित समुदाय के बुनियादी अधिकारों और नागरिकता के लिए शोषकों के खिलाफ संघर्ष करता है।
फिल्म में नानी के अलावा राघव जुयाल और कायदू लोहार के अभिनय की भी चर्चा हो रही है। राघव जुयाल फिल्म में विलेन के किरदार में नजर आ रहे हैं।
वीकेंड पर कमाई बढ़ने की उम्मीद
‘द पैराडाइज’ को लेकर सोशल मीडिया और समीक्षकों की प्रतिक्रियाएं मिली-जुली रही हैं। नानी ने भी सोशल मीडिया पर दर्शकों के प्यार, समीक्षाओं और मीम्स को सकारात्मक अंदाज में स्वीकार करते हुए उनका आभार जताया है।
अब फिल्म की नजर शनिवार और रविवार के कलेक्शन पर है। वीकेंड में दर्शकों की संख्या बढ़ने पर फिल्म की कमाई में एक बार फिर तेजी देखने को मिल सकती है और 100 करोड़ रुपये के वर्ल्डवाइड आंकड़े को पार करने की स्थिति बन सकती है।

