US-India Trade Deal: सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बावजूद भारत से व्यापार जारी रहेगा – डोनाल्ड ट्रंप

Thecity news
3 Min Read

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्पष्ट किया है कि अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा उनकी टैरिफ नीति को अवैध ठहराए जाने के बावजूद भारत के साथ व्यापारिक संबंधों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। व्हाइट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप ने कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील जारी रहेगी और अदालत के फैसले से इस द्विपक्षीय समझौते पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ेगा।

पीएम मोदी की तारीफ, ‘स्मार्ट लीडर’ बताया

ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने संबंधों को “बहुत अच्छा” बताते हुए उन्हें एक “महान इंसान” कहा। उन्होंने दावा किया कि पहले भारत अमेरिका के साथ व्यापार में फायदा उठा रहा था, लेकिन अब नई डील के तहत भारत टैरिफ दे रहा है और अमेरिका नहीं दे रहा।

उन्होंने इसे “फेयर डील” बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच बेहतर संतुलन स्थापित हुआ है।

रूस-यूक्रेन युद्ध और टैरिफ का संबंध

ट्रंप ने यह भी कहा कि भारत ने उनके अनुरोध पर रूस से तेल खरीदना बंद कर दिया है, क्योंकि वे रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के प्रयास में हैं। ट्रंप के अनुसार, उन्होंने टैरिफ को एक रणनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल किया।

उन्होंने दावा किया कि जिन देशों को चेतावनी दी गई कि युद्ध जारी रखने पर उन्हें अमेरिका के साथ व्यापार के लिए 200% टैरिफ देना होगा, उन्होंने शांति का रास्ता चुना।

18% रेसिप्रोकल टैरिफ, सुप्रीम कोर्ट का 6-3 फैसला

भारत-अमेरिका समझौते के तहत वाशिंगटन ने भारत पर लगाए गए रेसिप्रोकल टैरिफ को 25% से घटाकर 18% कर दिया है। इससे पहले ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश के जरिए रूस से तेल खरीद पर लगाए गए 25% अतिरिक्त टैरिफ को हटा लिया था।

वहीं, अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने 6-3 के फैसले में ट्रंप की टैरिफ नीति को गैरकानूनी करार दिया। ट्रंप ने इस निर्णय को “शर्मनाक” बताया और कहा कि वे इस फैसले से सहमत नहीं हैं।

सभी देशों पर 10% नया टैरिफ

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के तुरंत बाद ट्रंप ने ओवल ऑफिस से एक नए कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत अब सभी देशों से आयात होने वाले सामान पर 10% नया टैरिफ लगाया जाएगा।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर इसकी घोषणा करते हुए कहा कि नया टैरिफ तत्काल प्रभाव से लागू होगा। हालांकि उन्होंने दोहराया कि भारत के साथ शुरू हुई ट्रेड डील जारी रहेगी।

भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों को लेकर यह घटनाक्रम वैश्विक बाजारों और निवेशकों के लिए महत्वपूर्ण संकेत देता है, खासकर ऐसे समय में जब टैरिफ और भू-राजनीतिक तनाव वैश्विक अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं।

Share This Article