उत्तराखंड में लगातार हो रही मॉनसूनी बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के देहरादून केंद्र ने 1 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। देहरादून, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं मूसलाधार बारिश होने की संभावना जताई गई है।
बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। ऋषिकेश-देवप्रयाग क्षेत्र में अलकनंदा और गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-34 और राज्य राजमार्ग-31 को बंद कर दिया गया है। कई ग्रामीण संपर्क मार्ग भी बाधित हो गए हैं, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। पिछले 24 घंटों में टिहरी में 2 मिमी और कीर्तिनगर में 75 मिमी बारिश दर्ज की गई।
खतरे के निशान के करीब पहुंचीं नदियां
लगातार बारिश के चलते राज्य की प्रमुख नदियां खतरे के निशान के करीब पहुंच गई हैं। शुक्रवार सुबह 8 बजे टिहरी झील का जलस्तर 799.53 मीटर दर्ज किया गया। देवप्रयाग के रामकुंड में गंगा नदी का जलस्तर 458 मीटर है, जबकि खतरे का निशान 463 मीटर है। वहीं अलकनंदा नदी का जलस्तर 533 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का स्तर 536 मीटर है। ऋषिकेश के मायकुंड में गंगा नदी का जलस्तर 339.20 मीटर तक पहुंच गया है, जो 340.50 मीटर के खतरे के निशान के बेहद करीब है।
टिहरी में बारिश से जनजीवन प्रभावित
टिहरी जिले के ऊपरी क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी वर्षा के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। भिलंगना, बालगंगा और नैलचामी नदियां भी तेज बहाव के साथ खतरे के निशान के करीब पहुंच गई हैं।
लगातार हो रही बारिश से जिले के कई हिस्सों में सामान्य जीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा नदी-नालों के किनारे नहीं जाने की अपील की गई है।

