ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की पुरुष भाला फेंक स्पर्धा में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक अपने नाम किए। श्रीलंका के रुमेश पाथिरागे ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि भारत के नीरज चोपड़ा ने रजत और यशवीर सिंह ने कांस्य पदक हासिल किया। मुकाबले के बाद नीरज चोपड़ा का बयान चर्चा का केंद्र बन गया, जिसमें उन्होंने अपने पदक से ज्यादा यशवीर सिंह की उपलब्धि की सराहना की।
दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने कहा कि यशवीर सिंह के साथ पोडियम साझा करना उनके लिए बेहद गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि भारतीय भाला फेंक का भविष्य बेहद उज्ज्वल है और यशवीर ने दबाव के बीच जिस तरह व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, वह काबिले-तारीफ है।
‘यशवीर ने सबसे अहम समय पर किया कमाल’
नीरज चोपड़ा ने कहा, “मुझे एशियन गेम्स की याद आ गई, जब मैं और किशोर जेना दोनों ने भारत के लिए पदक जीते थे। यशवीर ने सबसे महत्वपूर्ण समय पर अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया। उनके साथ पोडियम साझा करना शानदार अनुभव है।” उन्होंने यह भी कहा कि कठिन मौसम और तेज हवाओं के बावजूद उन्होंने सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और उनकी वापसी सही दिशा में आगे बढ़ रही है।
आखिरी प्रयास में बदली यशवीर की किस्मत
कॉमनवेल्थ गेम्स में पदार्पण कर रहे यशवीर सिंह ने प्रतियोगिता का सबसे रोमांचक पल अपने नाम किया। पहले पांच प्रयासों तक वह पदक की दौड़ से बाहर दिखाई दे रहे थे, लेकिन छठे और अंतिम प्रयास में 85.41 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर कांस्य पदक जीत लिया। इस थ्रो के साथ उन्होंने अपना पुराना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 83.72 मीटर भी पीछे छोड़ दिया। यशवीर ने पूर्व विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स और मौजूदा ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को भी पीछे छोड़ दिया।
यशवीर ने बताया कि शुरुआती पांच प्रयास उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे। उन्होंने कहा, “शुरुआत में मेरा थ्रो करीब 81 मीटर तक ही जा रहा था। मैंने देखा कि कांस्य पदक की दूरी लगभग 82 मीटर है। मुझे भरोसा था कि मैं इससे आगे फेंक सकता हूं। इसलिए आखिरी प्रयास में पूरी ताकत लगा दी और वही थ्रो मुझे पहला अंतरराष्ट्रीय पदक दिला गया।”
हरियाणा से निकला नया जैवलिन स्टार
हरियाणा के यशवीर सिंह ने वर्ष 2022 में इंडियन अंडर-20 फेडरेशन कप में नीरज चोपड़ा का मीट रिकॉर्ड तोड़कर पहली बार सुर्खियां बटोरी थीं। उन्होंने उसी प्रतियोगिता में पहली बार 80 मीटर का आंकड़ा पार किया था। इसके बाद 2025 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पांचवें स्थान पर रहे और ताशकंद में आयोजित जी अर्जुमानोव मेमोरियल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक भी जीता।
हालांकि 2025 में नीरज चोपड़ा क्लासिक और विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में वह अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके, लेकिन लगातार मेहनत का परिणाम कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में देखने को मिला, जहां उन्होंने अपने करियर का पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय पदक जीत लिया।
नीरज का सीजन बेस्ट, भारत के लिए यादगार मुकाबला
यह 2026 सीजन में नीरज चोपड़ा की दूसरी प्रतियोगिता थी। उन्होंने दूसरे प्रयास में 85.83 मीटर का थ्रो कर अपना सीजन बेस्ट प्रदर्शन किया। हालांकि वह 2018 की तरह स्वर्ण पदक नहीं जीत सके, लेकिन रजत पदक के साथ अपने करियर में एक और बड़ा अंतरराष्ट्रीय सम्मान जोड़ लिया।
स्वर्ण पदक श्रीलंका के रुमेश पाथिरागे ने 89.75 मीटर के थ्रो के साथ जीता, लेकिन भारत के लिए यह मुकाबला कई मायनों में खास रहा। एक ओर नीरज चोपड़ा ने शानदार वापसी के संकेत दिए, वहीं दूसरी ओर यशवीर सिंह ने साबित कर दिया कि भारत के पास विश्व स्तर पर पदक जीतने वाले नए भाला फेंक खिलाड़ी तैयार हैं।

